×

अंडमान : उफनते समुद्र के बीच तटरक्षक दल ने बचाई बांग्लादेशी नाविक की जान

 

नई दिल्ली, 24 सितंबर (आईएएनएस)। समुद्र में उठ रही तेज लहरों के बीच तटरक्षक ने एक बचाव मिशन को अंजाम दिया है। यह बचाव मिशन रात के घने में शुरू किया गया। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में भारतीय तटरक्षक दल ने बांग्लादेशी नाविक की जान बचाई। मुसीबत में फंसे नाविक की जान बचाने के साथ ही उसको समय पर चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई है। यह अभियान डिगलीपुर के पास चलाया गया।

तटरक्षक बल के मुताबिक, विजयपुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र से सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद भारतीय तटरक्षक मुख्यालय, अंडमान एवं निकोबार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सूचना थी कि एमवी एमरिस पर सवार चालक दल का 36 वर्षीय बांग्लादेशी सदस्य जहाज पर गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय तटरक्षक पोत राजदूत को राहत एवं चिकित्सा निकासी अभियान के लिए रवाना किया गया।

खराब मौसम और उफनते समुद्र के बावजूद तटरक्षक कर्मियों ने जोखिम उठाते हुए घायल नाविक को सुरक्षित पोत पर पहुंचाया। इसके बाद घायल नाविक को डिगलीपुर बंदरगाह लाया गया। यहां भारतीय नौसेना ने भी त्वरित कार्रवाई व मदद की। जख्मी व्यक्ति को भारतीय नौसेना के विमान के जरिए तत्काल श्री विजयपुरम पहुंचाया गया। श्री विजयपुरम पहुंचने पर जख्मी नाविक को आगे की जरूरी चिकित्सा के लिए जीबी पंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस पूरे अभियान में समुद्र में बचाव से लेकर हवाई निकासी तक भारतीय तटरक्षक और भारतीय नौसेना के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। चुनौतीपूर्ण समुद्री परिस्थितियों के बावजूद समय पर की गई कार्रवाई ने एक और जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

वहीं, चेन्नई में दक्षिण भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल उल्हास किर्पेकर, एवीएसएम, एसएम ने गुरुवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। लेफ्टिनेंट जनरल किर्पेकर ने चेन्नई स्थित लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की। यह मुलाकात शिष्टाचार भेंट के रूप में हुई। लेफ्टिनेंट जनरल उल्हास किर्पेकर दक्षिण भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग हैं। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।

--आईएएनएस

जीसीबी/एसके