☰
×

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग पुलिस ने पांच ड्रग तस्करों को पकड़ा, 5.9 किलो से अधिक नशीला पदार्थ बरामद

 

अनंतनाग, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। नशीले पदार्थों की समस्या को जड़ से खत्म करने के अपने संकल्प के तहत अनंतनाग पुलिस ने पूरे जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। पुलिस ने कई अलग-अलग अभियानों में पांच कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए।

पहले अभियान में श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन की टीम ने हतिगाम क्रॉसिंग पर नाका चेकिंग के दौरान शाहनवाज़ अहमद गनी (निवासी सिरहामा) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलोग्राम 780 ग्राम चरस पाउडर बरामद हुआ। इस मामले में, श्रीगुफवारा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

वहीं, कोकरनाग पुलिस स्टेशन की टीम ने कोकरनाग-बिडर इलाके में गश्त के दौरान तनवीर अहमद शेख (निवासी नाला सुनबहरी, मगम) को पकड़ा। उसके पास से लगभग 18 ग्राम चरस जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इस संबंध में, कोकरनाग पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

कोकरनाग के हिलर अरहामा में एक अलग अभियान के दौरान पुलिस ने रईस अहमद गनी (निवासी शेलिपोरा, अचबल) को पकड़ा। इसके पास से लगभग 40 ग्राम चरस जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इस मामले में कोकरनाग पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

इस बीच, डूरू पुलिस ने पोली इलाके में नियमित गश्त के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसकी पहचान कपरान निवासी आमिर अहमद नजर के रूप में हुई। आमिर की तलाशी लेने पर लगभग 90 ग्राम चरस बरामद हुई। डूरू पुलिस स्टेशन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

एक अन्य कार्रवाई में संगम पुलिस पोस्ट की एक टीम ने संगम इलाके में गश्त के दौरान अवंतीपोरा के चारसू निवासी साहिल रशीद शेख को पकड़ा। उसके पास मौजूद बैग से लगभग 1.78 किलोग्राम गांजे जैसा पदार्थ बरामद हुआ। इसके आधार पर बिजबेहरा पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

अनंतनाग पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने और इस धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। नशीले पदार्थों के खिलाफ इस सामूहिक लड़ाई में और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए जनता का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है।

--आईएएनएस

ओपी/एएस