☰
×

अनंत सिंह को जदयू नेता का जवाब- 'अपना भी भविष्य देखते तो नहीं करते गलती'

 

पटना, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने पार्टी से निष्कासित विधायक अनंत सिंह की भविष्यवाणी पर पलटवार किया है। जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि अनंत सिंह ज्योतिष बनने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही, श्याम रजक ने कहा कि अगर वे ज्योतिष रहते तो अपना भविष्य भी देख लेते और ऐसी गलत नहीं करते।

मोकामा के विधायक अनंत सिंह को जदयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में 6 साल के लिए निष्कासित किया है। इस कार्रवाई के बाद अनंत सिंह ने मीडिया में बयान दिया कि आगामी चुनावों में जदयू की स्थिति बेहद खराब होगी और पार्टी को 10-12 सीटों पर भी जीत हासिल करने में मुश्किल होगी।

अनंत सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए श्याम रजक ने कहा, "वह शायद ज्योतिष बनने का प्रयास कर रहे हैं। अगर वे ज्योतिष रहते तो अपना भविष्य भी देख लेते और ऐसी गलत नहीं करते। वे अब कहीं जाएं और ज्योतिष का अध्ययन करें। इसके बाद ही ऐसे बयान देने का काम करें।"

श्याम रजक ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में जदयू मजबूत है और बिहार को आगे बढ़ाने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक 'विकसित भारत' का संकल्प लेकर चल रहे हैं और यह बिहार में विकास के बिना पूरा होगा। नीतीश कुमार और जदयू के बिना भी 'बिहार विकसित' नहीं हो सकता है। इसलिए बिहार विकसित नहीं होगा तो भारत विश्वगुरु नहीं बन सकता है।

उधर, बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने अनंत सिंह को जदयू छह साल के लिए निष्कासित किए जाने पर कहा, "उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया है। कोई भी राजनीतिक दल खुलकर विरोध करे या कोई विधायक अपने ही पार्टी के उम्मीदवार का विरोध करे तो कैसे कोई भी राजनीतिक दल बर्दाश्त कर सकता है? इसलिए उनको निकाला गया है।"

संजय सरावगी ने एनडीए गठबंधन पर कहा, "एनडीए अटूट है। अभी तीन चौथाई बहुमत से हमने सरकार बनाई और वर्तमान में हमारी सरकार चल रही है।"

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अनंत सिंह के निष्कासन पर कहा, "हर पार्टी का अपना संवैधानिक अधिकार है। इसलिए जो भी निर्णय है, वो सभी के सामने है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/