☰
×

अमृतसर पहुंचे सचिन पायलट और परगट सिंह, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

 

अमृतसर, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष परगट सिंह अमृतसर पहुंचे। दोनों नेताओं के अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सचिन पायलट और परगट सिंह ने श्री हरमंदिर साहिब पहुंचकर मत्था टेका और अरदास कर आशीर्वाद लिया। दोनों नेता जलियांवाला बाग और दुर्गियाना मंदिर भी जाएंगे।

सचिन पायलट और परगट सिंह के अमृतसर दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह डैनी बंदाला ने कहा कि दोनों नेता अलग-अलग समय पर स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा उत्साह इस बात का संकेत है कि कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

डैनी बंदाला ने कहा कि पंजाब की जनता ने 2027 में कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने सचिन पायलट को लेकर कहा, "सचिन पायलट बहुत अच्छे पायलट हैं और वह बहुत अच्छी तरह लैंड करने वाले हैं। इसमें कोई शक नहीं है। उनके नेतृत्व में पंजाब कांग्रेस लगातार आगे बढ़ रही है।"

उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की भी तारीफ की। डैनी बंदाला ने कहा कि परगट सिंह पूर्व हॉकी खिलाड़ी और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के पूर्व कप्तान रह चुके हैं। उन्हें खेल का अच्छा अनुभव है और वह जानते हैं कि परिस्थितियों के अनुसार किस तरह रणनीति बनाई जाती है।

डैनी बंदाला ने दावा किया कि पंजाब में अब कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपना मन बना चुकी है और अब वह किसी के बहकावे में नहीं आने वाली है।

कांग्रेस नेता राजकुमार वेरका ने कहा, "सचिन पायलट, हमारे प्रभारी बनने के बाद पहली बार अमृतसर में आए हैं और हम सब उनका स्वागत करने के लिए यहां इकट्ठे हुए हैं। कांग्रेस पार्टी पंजाब में लीड कर रही है और पंजाब के लोग कांग्रेस पार्टी को सत्ता में लाने के लिए उत्साहित हैं। हम सब तैयार हैं और पंजाब के लोग कांग्रेस को चुनने के लिए तैयार हैं, सब एक हैं और सब एकजुट हैं।"

--आईएएनएस

एसएके/पीएम