अमृतसर एयरपोर्ट पर सोना तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, पेस्ट बनाकर यूएई से लाया था यात्री
अमृतसर, 2 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब के अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूएई के शारजाह से आए एक यात्री को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, यात्री फ्लाइट नंबर 6ई1428 से शारजाह से अमृतसर पहुंचा था। संदेह के आधार पर उसे रोका गया और एक्स-रे स्कैनिंग तथा विस्तृत व्यक्तिगत तलाशी ली गई। जांच के दौरान यात्री के पास से पेस्ट के रूप में 174 ग्राम (ग्रॉस वेट) सोना बरामद हुआ। सोने को अलग निकालने के बाद उसका शुद्ध वजन 150.04 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 5 हजार 588 रुपये आंकी गई है।
फिलहाल, कस्टम और डीआरआई की टीम मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि सोने की तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है, और इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। अमृतसर एयरपोर्ट पर एक बार फिर गोल्ड स्मगलिंग की कोशिश को सुरक्षा एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी तरह 26 जून को राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई एयरपोर्ट पर तस्करी गिरोह के नौ सदस्यों को गिरफ्तार किया था। डीआरआई ने मुंबई एयरपोर्ट के जरिए चल रहे इस संगठित सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। जांच के दौरान एक ऐसी जगह का भी पता चला, जहां विदेशी तस्करी का सोना पिघलाया जाता था।
एक अन्य कार्रवाई में बेंगलुरु में डीआरआई ने एक अंतरराष्ट्रीय यात्री के कपड़ों की कई परतों में छिपाकर रखे गए 1.8 किलोग्राम 24 कैरेट सोने के पेस्ट को बरामद किया। इसके बाद आरोपी के घर की तलाशी ली गई, जहां से करीब 1.5 किलोग्राम सोने के गहने, 45 किग्रा चांदी और भारतीय व विदेशी मुद्रा बरामद हुई। डीआरआई ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया।
--आईएएनएस
ओपी/डीकेपी