×

अमित शाह ने स्वामी विवेकानंद को दी श्रद्धांजलि, बोले- 'उनके रास्ते पर चलकर पीएम मोदी कर रहे देश का नेतृत्व'

 

नई दिल्ली, 4 जुलाई (आईएएनएस)। युवा चेतना के प्रेरणास्रोत, आध्यात्मिक गुरु और विश्व को भारतीय संस्कृति का गौरवशाली परिचय कराने वाले स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि पर पूरा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है। इस अवसर पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा कि विवेकानंद जी ने ही हमारे देश के 'आत्मविश्वास' और 'स्व' को जगाया था और इसी रास्ते पर चलकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "स्वामी विवेकानंद जी के निर्वाण दिवस पर उनका स्मरण कर उन्हें नमन करता हूं।"

उन्होंने पोस्ट में लिखा, "विश्व को वेदांत, दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा से पुनः परिचित कराने वाले स्वामी विवेकानंद ने युवाओं में चरित्र निर्माण और राष्ट्रभक्ति की अलख जगाई। उन्होंने देश के कोने-कोने में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का शंखनाद किया और रामकृष्ण मिशन की स्थापना कर अध्यात्म व सेवा को संगठित स्वरूप प्रदान किया। उनके विचार और आदर्श युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देते रहेंगे।"

अमित शाह ने एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा, "स्वामी विवेकानंद जी ने अपनी अल्प आयु के अंदर ही भारत का ज्ञान, भारत की संस्कृति और भारत के दर्शन को विश्वभर में दिग्विजय कराने का काम किया। जब अमेरिका के अंदर सर्वधर्म सम्मेलन हुआ, उस वक्त स्वामी जी ने अपने एक ही वाक्य से सनातन धर्म की 'विश्व बंधु' की व्याख्या से पूरी दुनिया को परिचित कराया।"

गृह मंत्री शाह ने आगे कहा, "स्वामी जी एक शख्सियत थे, जिन्होंने आधुनिकता और आध्यात्मिकता को जोड़ने का काम किया। मैं आज भी मानता हूं कि स्वामी जी के विचार उस समय जितने प्रासंगिक थे, आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। विवेकानंद जी ने ही हमारे देश के आत्मविश्वास को जगाया था। उन्होंने ही हमारे देश के 'स्व' को जगाया था और इसी रास्ते पर चलकर आज पीएम नरेंद्र मोदी देश का नेतृत्व कर रहे हैं।"

अमित शाह ने कहा, "मैं ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूं कि हम सभी को स्वामी जी के बताए हुए रास्ते पर चलने की प्रेरणा और आशीर्वाद दें।"

--आईएएनएस

डीसीएच/