×

अमित शाह ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने पर अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को दी बधाई

 

नई दिल्ली, 12 जुलाई (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अमित शाह ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में मियावाकी पद्धति के तहत एक घंटे में 3.61 लाख से अधिक पौधारोपण कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने पर अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, इस अभियान से जुड़े 25,000 से अधिक वॉलंटियर्स तथा क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई दी।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण आज जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान ने देशभर के करोड़ों नागरिकों को प्रकृति संरक्षण के इस महायज्ञ से जोड़ने का कार्य किया है। आज गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र ने इस जन-आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

उन्होंने कहा कि मियावाकी तकनीक के माध्यम से मात्र एक घंटे में 3.61 लाख से अधिक पौधारोपण कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करना जनभागीदारी, सुव्यवस्थित योजना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज की प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, अभियान से जुड़े सभी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों, 25 हजार से अधिक वॉलंटियर्स तथा क्षेत्र के सभी नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी।

गांधीनगर की जनता ने ‘सार्वजनिक वृक्षारोपण अभियान’ के तहत गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 26 लाख से अधिक पौधारोपण किया है। इनमें 404 सार्वजनिक स्थलों पर 1,15,93,513 पौधों का रोपण किया गया, जबकि क्षेत्र के नागरिकों ने अपने निजी परिसरों में 11 लाख से अधिक पौधे लगाए। सार्वजनिक स्थलों पर सानंद विधानसभा के 186 स्थलों पर 53,64,504 पौधे, गांधीनगर उत्तर विधानसभा के 97 स्थलों पर 18,09,850 पौधे, कलोल विधानसभा के 77 स्थलों पर 16,64,675 पौधे, घाटलोडिया विधानसभा के 18 स्थलों पर 8,32,370 पौधे, वेजलपुर विधानसभा के 10 स्थलों पर 17,54,000 पौधे तथा साबरमती विधानसभा के 6 स्थलों पर 82,314 पौधों का रोपण किया गया। यह व्यापक अभियान जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'प्रकृति के साथ प्रगति' तथा सतत विकास का जो विजन देश के सामने रखा है, उसे गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्कों के निर्माण, व्यापक वृक्षारोपण, तालाबों के पुनर्निर्माण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न जन-अभियानों के माध्यम से धरातल पर उतारा जा रहा है। गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र आज पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास के क्षेत्र में देश के लिए एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है।

अमित शाह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रधानमंत्री मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी से चल रहे ऐसे अभियान विकसित भारत के निर्माण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

--आईएएनएस

डीकेपी/