×

अमित शाह की नीतियों पर भाजपा का भरोसा, कहा- वह जो कहते हैं, करके दिखाते हैं

 

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को आईएएनस से बातचीत के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यों की सराहाना की। उन्होंने कहा कि अमित शाह जो भी वादा करते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। नक्सलवाद को खत्म करने के बाद अब सीमा सुरक्षा को मजबूत करने पर काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "हमारे गृह मंत्री अमित शाह जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने कहा था कि देश से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा और उन्होंने जो तारीख और महीना तय किया था, उस समय तक भारत से नक्सलवाद पूरी तरह से समाप्त हो गया। अब वह कह रहे हैं कि हमारी सीमाओं और सरहदों को पूरी तरह से सुरक्षित बनाया जाएगा। इसके लिए सबसे उन्नत एआई और आधुनिक तकनीकों, जिस भी चीज की जरूरत होगी, उसका इस्तेमाल किया जाएगा।"

मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में फेंसिंग का काम शुरू हो चुका है। लोग अपनी जमीन खुशी-खुशी दे रहे हैं, और राज्य सरकार वहां बहुत अच्छा काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के कुछ इलाकों में पहले अवैध घुसपैठ और सीमा पार से आने-जाने की समस्या रही है, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती थी, लेकिन अब सरकार इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में काम कर रही है। उनके अनुसार, सरकार का लक्ष्य है कि देश की सीमाओं को पूरी तरह सुरक्षित किया जाए ताकि कोई भी अवैध घुसपैठिया या संदिग्ध व्यक्ति भारत में प्रवेश न कर सके।

इस बीच राजस्थान के जयपुर में भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने भी गृह मंत्री अमित शाह की तारीफ करते हुए कहा कि 2014 के बाद से देश की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि पहले सीमाओं से घुसपैठ और आतंकवाद की घटनाएं ज्यादा सामने आती थीं, लेकिन अब हालात काफी हद तक नियंत्रित हैं। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार ने सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं, जिससे स्थिति पहले से बेहतर हुई है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पहले वहां की स्थिति अलग थी, लेकिन अब सरकार अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। उनका कहना है कि अब बांग्लादेश से आने वाली अवैध घुसपैठ पर रोक लगाई जा रही है और कई लोगों को वापस भेजा भी जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की सख्ती के बाद सीमावर्ती इलाकों में स्थिति में सुधार देखने को मिल रहा है।

--आईएएनएस

पीआईएम/डीकेपी