केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के जन्मदिन पर गांधीनगर में भाजपा का सेवा संकल्प, विशेष पूजा का भी आयोजन
गांधीनगर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को पूरे देश में सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गुजरात के गांधीनगर में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विशेष कार्यक्रम आयोजित कर दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
गांधीनगर महानगर इकाई द्वारा सेक्टर-2 स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर के श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर गुजरात सरकार में राज्य मंत्री प्रवीण माली, गांधीनगर महानगर अध्यक्ष आशीष दवे सहित भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने भगवान महादेव के समक्ष केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु के लिए मंगलकामना की।
इस मौके पर गौशाला में गौ-माता का पूजन भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने गौ-सेवा को सेवा कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश सेवा के संकल्प को और मजबूती मिली है।
राज्य मंत्री प्रवीण माली ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "आज गांधीनगर महानगर भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और गांधीनगर के लोकप्रिय सांसद अमित शाह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पूरे देशभर में सेवा कार्यों का आयोजन किया जा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "गांधीनगर महानगर द्वारा आयोजित विविध कार्यक्रमों के तहत आज हमने गौशाला में गौ-माता का पूजन किया और सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पार्टी के सभी पदाधिकारियों के साथ हमने महादेव से प्रार्थना की कि वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को देश की सेवा करते रहने की शक्ति प्रदान करें और उनका स्वास्थ्य उत्तम बनाए रखें।"
माली ने बताया कि जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए भाजपा कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जाकर सेवा कार्य कर रहे हैं।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं और उनका अपने संसदीय क्षेत्र से गहरा जुड़ाव है। उनके जन्मदिन पर हर साल गांधीनगर में कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम