अमित शाह का राहुल गांधी पर हमला, वीडियो में बोले- संविधान की प्रति लहराना सम्मान नहीं: चुनाव आयोग और वोटर लिस्ट को बदनाम करना आदत बन गई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं, जबकि संविधान का इस्तेमाल केवल राजनीतिक दिखावे के लिए करते हैं।शाह ने कहा कि संविधान की प्रति जेब में रखना या सार्वजनिक मंचों पर उसे लहराना संविधान का सम्मान करना नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान वास्तविक सम्मान उसके आदर्शों और सिद्धांतों के अनुसार जीवन जीने में है।
संविधान लहराना और उसके अनुसार जीना अलग-अलग बातें
अमित शाह ने संविधान के सम्मान के दो तरीकों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक तरीका वह है, जो आज देखने को मिल रहा है, जिसमें कोई पवित्र पुस्तक को ऊपर उठाता है, जेब में रखता है, लहराता है या लोगों को दिखाता है। दूसरा तरीका संविधान में तय किए गए आदर्शों और मानकों के अनुसार जीवन जीना है।शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे खुलेआम कहते हैं कि उन्हें संसद में बहस नहीं करनी, बल्कि सड़कों पर बहस करनी है। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव आयोग और मतदाता सूची को बदनाम करते हैं। विदेश जाकर भारत को बदनाम करना भी उनकी आदत बन गई है।
'20 साल से लगातार चुनाव हार रहे राहुल गांधी'
गृह मंत्री ने राहुल गांधी की चुनावी हार को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की परेशानी यह है कि वे पिछले 20 साल से लगातार चुनाव हार रहे हैं। शाह ने उत्तर भारत की कहावत 'नाच न आवे आंगन टेढ़ा' का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाते हैं।
विदेश यात्राओं को लेकर भी कसा तंज
अमित शाह ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर तीसरे महीने छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं। शाह ने अपने संबोधन में कांग्रेस नेता पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।संविधान गौरव दिवस के कार्यक्रम में शाह के इस बयान के जरिए एक बार फिर भाजपा और कांग्रेस के बीच संवैधानिक संस्थाओं, चुनाव प्रक्रिया और संविधान के सम्मान को लेकर राजनीतिक टकराव सामने आया।