×

मध्य पूर्व संकट के बीच सरकारी कंपनी बीपीसीएल ने रूस से कच्चे तेल की खरीद बढ़ाई, अमेरिका और वेनेजुएला से भी आयात जारी

 

नई दिल्ली, 20 मई (आईएएनएस)। मध्य पूर्व संकट के बीच सरकारी तेल कंपनी भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) रूस से कच्चे तेल की खरीद बढ़ रही है और मौजूद समय में कंपनी के कुल आयात में रूसी कच्चे तेल की हिस्सेदारी करीब 41 प्रतिशत पहुंच गई है, जो कि वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही (जनवरी से मार्च) में 31 प्रतिशत थी। यह जानकारी कंपनी के डायरेक्टर फाइनेंस वीआरके गुप्ता ने बुधवार को दी।

मीडिया से बातचीत में गुप्ता ने बताया कि मध्य पूर्व में तनाव के चलते कंपनी ने विविध स्रोतों विशेषकर रूस से कच्चे तेल की खरीद को बढ़ाया है।

इससे पहले वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर से दिसंबर 2025) में कंपनी के आयात बास्केट में रूसी कच्चे तेल की हिस्सेदारी करीब 25 प्रतिशत थी।

वित्त वर्ष 26 की चौथी तिमाही के नतीजों के बाद कॉन्फ्रेंस कॉल में गुप्ता ने कहा कि हमने इस वर्ष आठ नए ग्रेड के कच्चे तेल में विविधता लाई है, जो चार भौगोलिक क्षेत्रों को कवर करती है। मैं पक्षकारों को यह भी आश्वस्त करना चाहता हूं कि जुलाई 2026 तक कच्चे तेल की आपूर्ति सुनिश्चित कर ली गई है।

इसके अतिरिक्त, गुप्ता ने कहा कि कंपनी रूस के अलावा अमेरिका और वेनेजुएला जैसे देशों से भी कच्चे तेल की खरीद कर रही है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 27 के लिए 25,000 करोड़ रुपए के पूंजीगत खर्च का लक्ष्य रखा है, जो कि वित्त वर्ष 26 में हुए 20,400 करोड़ रुपए से पूंजीगत खर्च से काफी अधिक है।

इससे पहले बीपीसीएल ने मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही के नतीजे जारी किए। मार्च तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 28 प्रतिशत बढ़कर 5,624.54 करोड़ रुपए हो गया है, जो पिछले वित्त वर्ष में 4,391.83 करोड़ रुपए था।

क्रामिक आधार पर कंपनी के मुनाफे में 22 प्रतिशत की गिरावट आई है और वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में 7,188.40 करोड़ रुपए था।

--आईएएनएस

एबीएस