अमेरिकी राजदूत गोर ने कर्नाटक के सीएम शिवकुमार से की मुलाकात, पैक्स सिलिका और ट्रस्ट जैसे पहलों पर हुई चर्चा
बेंगलुरु, 6 सितंबर (आईएएनएस)। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने रविवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से बेंगलुरु में मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों नेताओं के बीच पैक्स सिलिका और ट्रस्ट जैसे पहलों को लेकर चर्चा हुई, जिसका मकसद स्पेस तकनीक, एआई और व्यापार के जरिए भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को मजबूत करना है।
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मुलाकात की तस्वीर साझा कर लिखा, "बेंगलुरु में कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से दोबारा मिलकर बहुत अच्छा लगा। कर्नाटक में स्पेस टेक्नोलॉजी, एआई और व्यापार के जरिए अमेरिका-भारत के संबंध मजबूत हो रहे हैं। पैक्स सिलिका और ट्रस्ट जैसे पहल के जरिए, हम अमेरिकी और भारतीय उद्योग दोनों के लिए मौके बना रहे हैं।"
बेंगलुरु में अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें अमेरिकी राजदूत मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान अमेरिकी महावाणिज्यदूत मारियाना एल. नीसुलर भी मौजूद रहे।
गोर ने एक्स पर लिखा, "बेंगलुरु में अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने और अमेरिका-भारत साझेदारी की ताकत का जश्न मनाने पर गर्व है। पूरे दक्षिण भारत में, हमारी साझेदारी इनोवेशन को बढ़ावा दे रही है, निवेश बढ़ा रही है और जरूरी सप्लाई चेन को मजबूत कर रही है।"
बेंगलुरु में उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से भी मुलाकात की और एक्स पर लिखा, "इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला से मिलकर बहुत अच्छा लगा। नासा में ट्रेनिंग से लेकर एक्सिओम स्पेस के एएक्स-4 मिशन को चलाने तक उनका यह सफर अमेरिका-भारत स्पेस कोऑपरेशन को सबसे अच्छे तरीके से दिखाता है।"
कार्यक्रम के दौरान गोर ने कहा, "आपके साथ 250 साल की अमेरिकी स्वतंत्रता का जश्न मनाना मेरे लिए बड़े सौभाग्य की बात है। मैं हमारे मुख्य अतिथि, कर्नाटक के मुख्यमंत्री शिवा कुमार को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुख्यमंत्री, हमारे साथ यहां जश्न मनाने के लिए समय निकालने के लिए आपका धन्यवाद। दरअसल, एक महीने में यह दूसरी बार है जब मैं यहां आया हूं, और इसका एक कारण यह है कि मुख्यमंत्री कितने गतिशील हैं। हमने बहुत कुछ किया है और हम इस महान राज्य और मुख्यमंत्री के साथ बहुत कुछ करना जारी रखेंगे।"
राजदूत सर्जियो गोर ने कहा, "मैं आपको दो उदाहरण देता हूं। पहला, आज रात मुझे ट्रस्ट फेलोशिप लॉन्च करने में मदद करने पर गर्व है। यह एक नई साझेदारी है जो इस सदी को परिभाषित करने वाली तकनीकों पर काम करने के लिए शीर्ष अमेरिकी और भारतीय शोधकर्ताओं को एक साथ ला रही है। एआई, सेमीकंडक्टर, क्वांटम, और बायोटेक—यह तो बस शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि ट्रस्ट और आगे बढ़ें, और अधिक दानदाता आगे आएं, कार्यक्रम में अधिक फेलो शामिल हों, और इससे और अधिक बड़ी सफलताएं निकलें।"
--आईएएनएस
केके/डीकेपी