×

अमेरिका, इजरायल और ईरान के साथ भारत के अच्छे संबंध : रामदास आठवले

 

मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच संभावित युद्ध को लेकर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह का युद्ध दुनिया के लिए ठीक नहीं है और इसे जल्द से जल्द बातचीत के जरिए खत्म किया जाना चाहिए।

रामदास आठवले ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि भारत की नीति हमेशा शांति की रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुद्दे पर अपनी स्पष्ट भूमिका रखी है कि युद्ध बंद होना चाहिए और शांति स्थापित होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारत के अमेरिका, इजरायल और ईरान तीनों देशों के साथ अच्छे संबंध हैं, इसलिए भारत की कोशिश है कि सभी पक्ष आपसी बातचीत के जरिए समाधान निकालें। रामदास आठवले ने कहा कि अगर यह युद्ध और बढ़ता है, तो इसका असर पूरी दुनिया पर पड़ेगा, जो किसी के लिए भी अच्छा नहीं होगा।

उन्होंने सुझाव दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच किसी 'कम्प्रोमाइज फॉर्मूला' के जरिए समझौता होना चाहिए, ताकि हालात और बिगड़ने से रोका जा सके। वहीं, एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों पर भी उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बेवजह अफवाह फैला रहे हैं, जिससे जनता में डर का माहौल बन रहा है।

रामदास आठवले ने स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी या गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम मंत्री पहले ही कह चुके हैं कि देश के पास करीब दो महीने का पर्याप्त गैस स्टॉक मौजूद है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी तरह से स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। रामदास आठवले ने दावा किया कि चुनाव के नतीजे आने के बाद ममता बनर्जी सीएम पद से हट जाएंगी और भारी बहुमत के साथ वहां एनडीए की सरकार बनेगी।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम