अमरनाथ यात्रा के स्वरूप से खिलवाड़ का आरोप, मनीष साहनी ने एलजी से संज्ञान लेने की मांग की
जम्मू, 23 नवंबर (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) के प्रदेश अध्यक्ष मनीष साहनी ने पवित्र शेषनाग झील के पास हो रही कंस्ट्रक्शन गतिविधियों को लेकर पर्यावरण से जुड़ी गंभीर चिंताएं जताईं। साथ ही एससीओ समिट में पाकिस्तानी मंत्री को बुलाने के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने मांग की कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक उससे कोई बातचीत नहीं होनी चाहिए।
मनीष साहनी ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अगर हमारे धार्मिक स्थलों पर मशीनें लगाई जा रही हैं और वहां के प्राकृतिक पर्यावरण और मूल स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, तो मैं पूछना चाहता हूं कि हमारे सभी सनातनी, शंकराचार्य और हिंदू संत-महात्मा कहां हैं? वे चुपचाप तमाशबीन बनकर क्यों बैठे हैं?"
उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के साथ लगातार छेड़छाड़ की जा रही है। वहां कभी रास्तों को दुरुस्त करने की कोशिश की जा रही है। दो साल पहले हमने सुना था कि यात्रा शुरू होने से पहले करीब एक लाख वीवीआईपी लोग गाड़ियां ऊपर ले जाकर दर्शन कर चुके थे। जिसका नतीजा यह हुआ कि जो लाखों की संख्या में आम श्रद्धालु वहां पहुंचते थे, उन्हें हिमशिवलिंग के दर्शन नहीं हुए। पहले या दूसरे सप्ताह के अंदर पिछले तीन सालों से शिवलिंग अंतर्धान हो जाते हैं।
साहनी ने सवाल उठाया, "सरकार कहां पर सोई हुई है। श्राइन बोर्ड कहां पर सोया हुआ है। क्यों हमारे ही धार्मिक स्थलों पर विकास के नाम पर खिलवाड़ किया जा रहा है। अमरनाथ यात्रा ही नहीं, माता वैष्णव देवी के स्वरूप के साथ भी खिलवाड़ किया गया। विकास के नाम पर शुरुआती धार्मिक स्थलों को यात्रा से हटा दिया गया।"
उन्होंने कहा, "हमारे धार्मिक स्थलों को पिकनिक स्पॉट बनाया जा रहा है। हम विकास विरोधी कतई नहीं हैं, लेकिन इस तरह का विकास भी हमें नहीं चाहिए कि धार्मिक स्थलों के वास्तविक स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की जाए। हम सामने आकर इसकी आलोचना करेंगे। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल माता वैष्णव देवी और अमरनाथ यात्रा दोनों ही के चेयरमैन हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से इसका संज्ञान लेना चाहिए।"
एससीओ समिट में पाकिस्तान के मंत्री को बुलाने पर साहनी ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढ़ावा देने का काम किया था, और आज वह खुद इसे झेल रहा है। हम इसके पक्ष में नहीं हैं कि पाकिस्तान के उस मंत्री को बुलाया जाए, जिसने सिंधु जल समझौते को लेकर हाथ काटने और खून बहाने तक की चेतावनी दी थी। उसका रेड कारपेट से स्वागत किया जाए।
उन्होंने कहा, "कैसा भी समिट हो, उसके अंदर पाकिस्तान के मंत्री को कतई नहीं बुलाया जाना चाहिए और ना ही हमारे मीडियाकर्मी को उनसे सवाल पूछना चाहिए था।"
--आईएएनएस
एससीएच/एमएस