मरम्मत के लिए पहलगाम मार्ग अस्थायी रूप से बंद, बालटाल मार्ग से जारी रहेगी अमरनाथ यात्रा
श्रीनगर, 25 जुलाई (आईएएनएस)। लगातार हुई बारिश के कारण पहलगाम मार्ग को हुए नुकसान की मरम्मत के लिए श्री अमरनाथ यात्रा फिलहाल केवल बालटाल मार्ग से जारी रहेगी। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पहलगाम मार्ग को कुछ समय के लिए तीर्थयात्रियों के लिए बंद कर दिया है। कश्मीर के संभागीय आयुक्त अंशुल गर्ग ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अंशुल गर्ग ने बताया कि भारी बारिश के कारण पहलगाम मार्ग के कई हिस्सों में नुकसान हुआ है। इस वजह से वहां तुरंत मरम्मत और बहाली का काम शुरू किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसी कारण जब तक मरम्मत का काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक यात्रा केवल बालटाल मार्ग से संचालित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि बालटाल मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा बलों, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत किया गया है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा बिना किसी बाधा के जारी रह सके।
संभागीय आयुक्त ने कहा कि पहलगाम मार्ग पर मरम्मत का कार्य तेजी से किया जा रहा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जैसे ही मार्ग पूरी तरह सुरक्षित हो जाएगा, उसके बाद उसे दोबारा खोलने पर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और यात्रा से जुड़ी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग मिलकर यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या देखने को मिली है। अब तक करीब तीन लाख पचानवे हजार से अधिक श्रद्धालु पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि अब तक यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संचालित हुई है। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
एसएचके/वीसी