अमरावती रोडरेज: मोपेड को टक्कर मारने के विरोध पर युवक को चाकू मारा, एक आरोपी गिरफ्तार
अमरावती, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के अमरावती शहर के फॉरेस्ट कॉलोनी इलाके में मामूली ट्रैफिक विवाद के बाद चाकू से जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस हमले में एक युवक के पेट में चाकू अटक गया, जिसे गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश का केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस थाना फ्रेजरपुरा में दर्ज जानकारी के अनुसार, यह घटना 5 अक्टूबर की रात करीब 12:15 बजे की है। फिर्यादी स्वप्निल रत्नभोज शिंदे (23) निवासी खुर्शीपार, भाई पीयूष मेश्राम के साथ मोपेड से भंडारा जा रहा था। फॉरेस्ट कॉलोनी के सामने रोड पर गलत दिशा से आ रही तीन मोटरसाइकिलों ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।
टक्कर को लेकर पूछताछ करने पर सामने वाले लोगों ने झगड़ा शुरू कर दिया और दोनों भाइयों से मारपीट की। विवाद इतना बढ़ गया कि एक आरोपी ने स्वप्निल शिंदे के बाएं हाथ की कलाई के ऊपर चाकू से वार कर दिया, जबकि दूसरे आरोपी ने पीयूष मेश्राम के पेट पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पियूष मेश्राम के पेट में चाकू अटक गया और उसे गंभीर चोट आई।
घायल पीयूष को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह आईसीयू में भर्ती है। वहीं स्वप्निल शिंदे का भी इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में 7 आरोपियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी पहचान सोहम, अंशुल, रामा कैथवास, अथर्व, क्रिश बनसोड, मंजीत और अद्वैत के रूप में हुई है। इनमें से आरोपी क्रिश बनसोड को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। पुलिस के अनुसार क्रिश पर पहले से ही शरीर के खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि बाकी आरोपी जल्द से जल्द कानून के सामने हाजिर हों, नहीं तो उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपियों को पनाह, मदद या संरक्षण देने वालों पर भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, परिमंडल-1 और सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र राजुलवार के नेतृत्व में की गई। टीम में डीबी प्रमुख पीएसआई राहुल महाजन, पीएसआई विश्वजीत सरनाईक, पीएसआई प्रवीण इखार समेत फ्रेजरपुरा पुलिस स्टाफ शामिल थे।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी