×

सिकंदराबाद कैंटोनमेंट से चोरी हुए सेना के सभी हथियार बरामद, वीडियो में जाने अंदर के कर्मचारी की भूमिका का खुलासा; आरोपी हिरासत में

 

तेलंगाना पुलिस ने सिकंदराबाद कैंटोनमेंट से चोरी हुए सेना के सभी हथियार बरामद कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, इस चोरी की वारदात में कैंटोनमेंट में काम करने वाले एक कर्मचारी की भूमिका सामने आई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, जांच से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई हैं।

यह मामला 31 अगस्त को उस समय सामने आया था, जब मद्रास रेजिमेंट के एक लेफ्टिनेंट कर्नल ने हैदराबाद के बोलाराम पुलिस स्टेशन में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि कैंटोनमेंट क्षेत्र में स्थित दो शस्त्रागार कमरों के ताले तोड़कर बड़ी संख्या में अत्याधुनिक हथियार चोरी कर लिए गए थे।

आर्मरी से चोरी के बाद मचा हड़कंप

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/lTBpO7ThJ20?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/lTBpO7ThJ20/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

जानकारी के मुताबिक, दोनों शस्त्रागार कमरे करीब 40 मीटर की दूरी पर स्थित थे। चोरी की घटना ने सेना और सुरक्षा एजेंसियों के बीच चिंता बढ़ा दी थी, क्योंकि हथियारों की सुरक्षा बेहद संवेदनशील मामला माना जाता है।मामले की जांच के दौरान 20 मद्रास रेजिमेंट यूनिट के वरिष्ठ अधिकारियों से भी पूछताछ की गई। जांच एजेंसियों को यह जानकारी मिली कि आर्मरी के रजिस्टर कई महीनों से नियमित रूप से अपडेट नहीं किए जा रहे थे। इस वजह से हथियारों के रिकॉर्ड की जांच भी चुनौतीपूर्ण रही।

जबरन घुसपैठ नहीं, इसलिए अंदर के व्यक्ति पर शक

जांच में सुरक्षा गार्डों से भी पूछताछ की गई। गार्डों ने किसी तरह की जबरन घुसपैठ या बाहरी व्यक्ति के प्रवेश से इनकार किया था। इसके बाद जांच टीम का शक कैंटोनमेंट के अंदर मौजूद किसी व्यक्ति पर गया।एजेंसियों को शुरुआत से ही आशंका थी कि यह मामला ‘इनसाइड जॉब’ यानी अंदर के किसी कर्मचारी की मदद से अंजाम दिया गया हो सकता है।

पुलिस, सैन्य खुफिया और केंद्रीय एजेंसियां जांच में जुटीं

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस के साथ सैन्य खुफिया और केंद्रीय एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया। शुरुआती चरण में करीब 10 कर्मचारियों से पूछताछ की गई और संदिग्धों की पहचान कर जांच आगे बढ़ाई गई।पूछताछ के दौरान एक कर्मचारी पर शक गहराया। उसे हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो चोरी की पूरी कड़ी सामने आने लगी।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुए हथियार

पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर हैदराबाद में एक स्थान से चोरी किए गए सभी हथियार बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।सुरक्षा एजेंसियां अब हथियारों की चोरी, सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और आर्मरी रिकॉर्ड में अनियमितताओं की भी जांच कर रही हैं। माना जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।