×

अलका नांगिया अरोड़ा ने इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस के कंट्रोलर जनरल ऑफ डिफेंस अकाउंट्स का पदभार ग्रहण किया

 

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। अलका नांगिया अरोड़ा ने शनिवार को इंडियन डिफेंस अकाउंट्स सर्विस के कंट्रोलर जनरल ऑफ डिफेंस अकाउंट्स का पदभार ग्रहण किया।

वे 1991 बैच की अधिकारी हैं। इससे पहले भी वो भारत सरकार में कई अहम पदों की जिम्मेदारी का निर्वहन सफलतापूर्वक कर चुकी हैं। इसमें कृषि मंत्रालय के तहत आने वाले कृषि अनुसंधान और शिक्षा विभाग में अतिरिक्त सचिव और वित्तीय सलाहकार, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में संयुक्त सचिव, सेंट्रल कॉटेज इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की प्रबंध निदेशक और कपड़ा मंत्रालय के तहत हस्तशिल्प के लिए अतिरिक्त विकास आयुक्त जैसे पद शामिल हैं।

वहीं, अगर उनके शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें, तो उन्होंने गढ़वाल यूनिवर्सिटी, देहरादून और आईआईटी रुड़की की पूर्व छात्रा रही हैं।

इसके अलावा, उन्होंने रक्षा वित्तीय प्रबंधन और जन सेवा में तीन दशकों से ज्यादा के व्यापक अनुभव के साथ हस्तशिल्प को बढ़ावा देने, कृषि अनुसंधान, खरीद नीति और सार्वजनिक वित्त से जुड़ी कई पहलों का नेतृत्व किया है। उन्हें आईआईएम बैंगलोर और आईएसबी मोहाली जैसे प्रमुख संस्थानों से एडवांस्ड ट्रेनिंग भी मिली है।

अरोड़ा ने अपने करियर की शुरुआत रक्षा मंत्रालय में कोलकाता की दमदम ऑर्डनेंस फैक्ट्री से की थी और तब से वे डिफेंस अकाउंट्स डिपार्टमेंट (डीएडी) में अहम पदों पर रही हैं।

उन्होंने तीनों सशस्त्र बलों के साथ काम किया है, जिसमें मुंबई में नेवल डॉकयार्ड (एएसडी) के एडमिरल सुपरिटेंडेंट के एफए (वित्तीय सलाहकार), आर्मी ईस्टर्न कमांड के एफए और कोलकाता में एरिया अकाउंट्स ऑफिस के प्रमुख, वेस्टर्न एयर कमांड और आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल के आईएफए और एयर फोर्स हेडक्वार्टर के प्रिंसिपल आईएफए के तौर पर काम करना शामिल है।

उन्होंने सीजीडीए हेडक्वार्टर में अतिरिक्त और विशेष सीजीडीए का पद भी संभाला है, जहां उन्होंने ऑडिट, आईटी और सिस्टम, आईएफए और ट्रेनिंग से जुड़ी नीतियों का संचालन किया।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी