नितिन नवीन के 'माफिया' बयान पर सपा का पलटवार, 2027 में जनता देगी जवाब : जय किशन साहू
नई दिल्ली, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सपा मुखिया अखिलेश यादव को माफिया बताने वाले बयान पर सपा नेताओं ने पलटवार किया। सपा विधायक जय किशन साहू ने कहा कि अब सिर्फ कुछ ही महीने बाकी हैं, सभी बयानों का जवाब यूपी की जनता साल 2027 के विधानसभा चुनाव में देगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
आईएएनएस से बातचीत में समाजवादी पार्टी के विधायक जय किशन साहू ने नितिन नवीन के बयान पर कहा कि अच्छी बात है कि पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का काम सड़कों पर दिखाई दे रहा है। मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मेरी विधानसभा क्षेत्र की सड़कों पर भी विकास देखना चाहिए। गाजीपुर की सड़कों की स्थिति देख लेना चाहिए। यहां आए दिन सड़कें खराब हो रही हैं। मैंने कई बार लिखित शिकायत विधानसभा तक पहुंचाने का काम किया। उन्होंने कहा जिस सड़क को पांच साल तक चलना चाहिए था, वह दो साल में खराब हो जाती है।
भाजपा चीफ नितिन नवीन के युवराज वाले बयान पर सपा विधायक ने कहा कि देश की जनता जानती है कि किसका बेटा युवराज है। 12 साल से केंद्र की सरकार है, लेकिन विकास की कोई बात नहीं करता है। कांग्रेस ने जो देश को दिया, उसे भी बर्बाद किया जा रहा है। भाजपा को कुछ भी बयान देने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
माफिया वाले बयान पर सपा विधायक ने कहा कि हर किसी की अपनी सोच होती है। यूपी की जनता सब कुछ देख रही है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता करारा जवाब देगी और अखिलेश यादव की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और यूपी की सरकार में युवक सड़कों पर नौकरी के लिए भटक रहे हैं? छात्र कह रहे हैं कि नौकरी चाहिए तो लाठियां मिल रही हैं।
दूसरी तरफ, महाराष्ट्र से सपा विधायक अबू आजमी ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी कि किताब का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने देश के लिए बहुत मेहनत की है। उनके पति की हत्या कर दी गई थी, लेकिन वह यहां से गईं नहीं, वह डटी रहीं और संघर्ष करती रहीं। उन्होंने जो किताब लिखी है, वह सिर्फ उनके बारे में नहीं है। आज देश के ज्यादातर लोगों को लगता है कि 2014 के बाद देश का सामाजिक ताना-बाना पूरी तरह से बर्बाद हो गया है। हर चीज में हिन्दु-मुस्लिम कर दिया गया है, मैं उनकी किताब का समर्थन करता हूं।
एमएनएस के छठ पूजा को लेकर दिए बयान पर आजमी ने कहा कि दुनियाभर में प्रदूषण की समस्या बहुत बढ़ गई है। अगर कुछ तालाब या कृत्रिम तालाब बनाकर पूजा-पाठ पूरी की जा सकती है और धार्मिक जरूरतें पूरी हो सकती हैं, तो निश्चित रूप से ऐसा ही किया जाना चाहिए।
नितिन नवीन के युवराज वाले बयान पर अबू आजमी ने कहा कि दोनों युवराज बहुत ही संघर्षशील हैं और देश के लिए बहुत ही समर्पित हैं। इनका संघर्ष रंग लाया है। दिल्ली से लेकर यूपी तक भाजपा की छुट्टी होगी। इंडिया ब्लॉक देश में चमत्कार लाएगा। यह बात भाजपा को याद रखनी चाहिए।
एनसीपी के विलय होने की चर्चाओं पर आजमी ने कहा कि विलय होना एक अच्छी बात है। अगर एनसीपी के दोनों गुट आपस में मिल जाते हैं तो मुझे खुशी होगी। लेकिन अगर विलय के बाद वे एनडीए में चले जाते हैं, तो मेरा मानना है कि शरद पवार का कद बहुत बड़ा है। आज भारत में शरद पवार एक बहुत ही सम्मानित और प्रमुख नेता हैं। मैं हमेशा उनकी तारीफ करता हूं, इसलिए भी क्योंकि बीमारी और इस उम्र के बावजूद वे पैसे के लिए काम नहीं करते। वे देश के प्रति समर्पित हैं और देश के लिए काम करते हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी