×

अखिलेश यादव का भाजपा पर निशाना, बोले- पीडीए के दबाव में सहयोगियों को सीटें देने की तैयारी, प्लान होगा फेल

 

लखनऊ, 18 अगस्त (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सहयोगी दलों को साधने की कवायद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा अपनी हार सामने देखकर ‘पीडीए’ के दबाव के जवाब में सहयोगियों को इधर-उधर छटकने से बचाने के लिए सीटों के बंटवारे की योजना पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा का यह प्लान भी बुरी तरह असफल होगा, क्योंकि जनता उसे पूरी तरह नकार चुकी है।

अखिलेश यादव ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि सूत्रों के हवाले से आई खबर के मुताबिक भाजपा कुछ चुनावी विशेषज्ञों की सलाह पर अपने सहयोगी दलों को सीटें देने की योजना बना रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित सीट बंटवारे के तहत आरएलडी को 73, सुभासपा को 39, निषाद पार्टी को 31 और अपना दल को 19 सीटें देने की योजना पर काम किया जा रहा है।

सपा अध्यक्ष ने कहा, “यूं देखें तो ये एक सराहनीय बात है लेकिन पीडीए की जनसंख्या के अनुपात में ये भी आधे से कम ही है, इसीलिए ये योजना बुरी तरह असफल ही होगी।” उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जनता उन लोगों को स्वीकार नहीं करेगी जो धर्म और धन से जुड़े मामलों में सवालों के घेरे में रहे हैं, माताओं का अपमान करने वाले, बच्चों पर लाठियां चलवाने वाले तथा भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ाने वाले हैं।

अखिलेश ने शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा और परीक्षाओं में अनियमितताओं से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली और सड़कों की स्थिति तक सरकार की नीतियों से जनता परेशान है। उन्होंने झूठे मुकदमों, कथित फर्जी मुठभेड़ों और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि लोगों के घरों और दुकानों पर बुलडोजर चलाए गए तथा पुलिस हिरासत में लोगों की मौत के मामले सामने आए।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों से लेकर विश्वविद्यालयों तक शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। उन्होंने शिक्षकों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के आंदोलनों का उल्लेख करते हुए सरकार पर उनकी समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों, कारोबारियों, खिलाड़ियों, कलाकारों, किसानों, मजदूरों और मेहनतकश लोगों के हितों की अनदेखी का भी आरोप लगाया।

उन्होंने यश भारती सम्मान और सम्मान राशि समाप्त किए जाने को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर कहा कि अल्पकालिक सैन्य भर्ती व्यवस्था लागू कर वर्षों से भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल तोड़ा गया। उन्होंने विज्ञान और वैज्ञानिकों को पर्याप्त सम्मान नहीं देने तथा 69 हजार शिक्षक भर्ती समेत कई भर्तियों में आरक्षण से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।

उन्होंने भाजपा पर देश की संपत्तियां बेचने और संविधान को बदलने की साजिश करने का आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगियों को जनता पूरी तरह नकार चुकी है और अब उन्हें सत्ता से विदा करने के लिए जनता तैयार है। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, “जन-जन कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी