×

अखिलेश यादव और राहुल गांधी दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं- केशव मौर्य

 

प्रयागराज, 15 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों नेता एलपीजी की कमी को लेकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन लोगों को ऐसी अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए। मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव की देशभक्ति पर संदेह होता है।

केशव मौर्य ने कहा कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण देश में उर्जा का संकट है। ऐसी स्थिति बनने से पहले देशभर में प्रतिदिन 50 से 55 लाख गैस सिलेंडरों की बुकिंग होती थी, वो बढ़कर 88 लाख हो गई है। ऐसे में चाहे अखिलेश यादव हों या राहुल गांधी अफवाह फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश हर प्रकार के संकट से मुक्त है। कहीं कोई गैस की समस्या नहीं, कहीं कोई डीजल-पेट्रोल की समस्या नहीं है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों की बयानबाजी से अफरातफरी का माहौल पैदा हो रहा है।

बंगाल चुनाव को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी जा रही है और भाजपा की सरकार बनने वाली है। पूरे पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रति एकतरफा वातावरण है, जिससे टीएमसी बौखला गई है। उन्होंने ममता सरकार पर आरोप लगाते हुए कि बंगाल में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। टीएमसी के तुष्टीकरण की राजनीति का जवाब बंगाल की जनता देने वाली है। पश्चिम बंगाल में कमल खिलने वाला है।

कांशीराम को लेकर केशव मौर्य ने राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि इन लोगों ने एक खानदान के अलावा किसी दूसरे महापुरुषों का सम्मान ही नहीं किया है। अगर मान्यवर कांशीराम को अलग से पार्टी बनानी पड़ी तो इसका मतलब है कि कांग्रेस पिछड़ों-दलितों का वोट तो लेती रही है, लेकिन कभी इसकी भलाई के लिए काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि वही हाल सपा का है। सपा को पिछड़ों और दलितों का वोट चाहिए लेकिन उनके लिए काम नहीं करना है।

देश के पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर केशव मौर्य ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि पांचों राज्य में भाजपा बहुत अच्छा प्रदर्शन करेगी। पश्चिम बंगाल में टीएमसी को हटाकर हमारी सरकार बनेगी। असम में हम तीसरी बार सरकार बनाएंगे। केरल और तमिलनाडु में हमारा बहुत शानदान प्रदर्शन होने वाला है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी