अखिलेश यादव और कितनी गिराएंगे राजनीति की गरिमा, 2027 में जनता देगी जवाब : जगदंबिका पाल
लखनऊ, 1 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एआई वीडियो दिखाए जाने पर भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि एआई की मदद लेकर किसी सीएम का अमर्यादित वीडियो बनाना बेहद निंदनीय है।
इस वीडियो में सीएम योगी को चिलम पीते हुए दिखाया गया था। इससे पहले अखिलेश ने भाजपा समर्थित लोगों द्वारा उन्हें अराजक बताते हुए रिलीज किया गया एआई वीडियो भी दिखाया था। इसको लेकर भाजपा नेताओं ने सपा प्रमुख पर जमकर हमला बोला है।
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा, "अखिलेश यादव खुद मुख्यमंत्री रह चुके हैं। राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन अखिलेश यादव राजनीति का स्तर और गरिमा कितनी गिराएंगे? विरोध सरकार की नीतियों के खिलाफ हो सकता है, लेकिन यह कैसी मानसिकता है? योगी आदित्यनाथ गोरखपीठ के पीठाधीश्वर भी हैं। अगर अखिलेश यह नहीं समझते कि कोई संत या तपस्वी निस्वार्थ भाव से देश और राष्ट्र की सेवा करता है और लोगों की आस्था का केंद्र होता है, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। 2027 के चुनाव में देश की जनता इनको इसका जवाब देगी।"
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "उत्तर प्रदेश की जनता इस बात को अच्छी तरीके से समझती है कि अखिलेश यादव और जितने भी विपक्षी दल हैं, वो पूर्ण रूप से बेरोजगार नेता हैं, जनता ने उनको बार-बार जनमत से रौंदा है और इस कारण से उनकी परेशानी, उनकी बौखलाहट उनके चेहरे पर दिखाई देती है। अपने राजनीतिक नैरेटिव को बनाने के लिए और उसको प्रासंगिक बनाए रखने के लिए अखिलेश यादव जैसे लोगों की मजबूरी है कि वे इस प्रकार के काम करें, जिसका जमीनी हकीकत से कोई ताल्लुक नहीं है।"
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है और उसकी कथनी और करनी में अंतर है। राज्य की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सपा का चाल और चरित्र दोनों जनता के सामने आ चुका है।
एसपी पोस्टर विवाद पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा, "प्रदेश के मुख्यमंत्री का इस तरीके का अमर्यादित पोस्ट बनाना बेहद निंदनीय है। यह भगवान राम की धरती है और यहां के मुख्यमंत्री के लिए ऐसी सोच रखना ही गलत है। इनके समय में ये क्या करते थे पहले उस पर ध्यान दें।"
--आईएएनएस
पीआईएम/एएस