×

अखिलेश-राहुल पर बरसे ओपी राजभर, पीएम मोदी के विदेश दौरे को बताया आर्थिक विकास के लिए जरूरी

 

लखनऊ, 20 मई (आईएएनएस)। यूपी की राजनीति में सड़क पर नमाज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे और महंगाई जैसे मुद्दों पर बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और प्रदेश सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। वहीं, पीएम मोदी के विदेश दौरे का उन्होंने बचाव किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नमाज वाले बयान पर अखिलेश यादव के पलटवार पर ओपी राजभर ने कहा कि शायद अखिलेश यादव को सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अदालत का स्पष्ट निर्देश है कि सड़क पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। अगर कहीं सड़क जाम की स्थिति बनती है तो प्रशासन कार्रवाई करता है और लोगों पर मुकदमे दर्ज किए जाते हैं। किसी भी व्यक्ति द्वारा सड़क बाधित किए जाने पर कार्रवाई होनी चाहिए और बोलने से पहले अदालत के आदेशों की जानकारी होना जरूरी है।

पेट्रोल-डीजल बचाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी राजभर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव कुछ भी बोल सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी तेरहवीं भी नहीं बीती और सनातन की बात कर रहे हैं, कभी पूड़ी-जलेबी खा रहे हैं तो कभी आरती कर रहे हैं। सपा प्रमुख का राजनीतिक आचरण विरोधाभासी है और वह लगातार भ्रमित बयान दे रहे हैं।

भाजपा पर आरक्षण खत्म करने के आरोपों को लेकर भी ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री थे, तब भर्ती प्रक्रियाओं में भारी गड़बड़ी होती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में भर्ती की सूची पहले से तैयार होकर अधिकारियों के पास भेजी जाती थी। उन्होंने कहा कि पिछड़ों के 27 प्रतिशत आरक्षण में अतिपिछड़ों का हक छीना गया। मुस्लिम समाज ने समाजवादी पार्टी को कई बार सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन कभी किसी मुस्लिम चेहरे को मुख्यमंत्री बनाने की बात नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेताओं की राजनीति केवल जातीय टिप्पणियों और समाज को बांटने तक सीमित है।

राहुल गांधी के यूपी दौरे और प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों पर किए गए सवालों पर राजभर ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव एक-दूसरे की राह पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये नेता विदेशों में जाकर भारत को कटघरे में खड़ा करते हैं और देश की संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के जरिए चुनाव जीतने के बाद भी ईवीएम और आयोग पर सवाल उठाना विपक्ष की दोहरी राजनीति को दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के विभिन्न देशों में भारत के हितों को मजबूत करने के लिए जाते हैं और इससे व्यापार, आयात-निर्यात और अंतरराष्ट्रीय संबंध बेहतर होते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के विदेश दौरों और भारत-यूरोप के बीच व्यापार एवं निवेश साझेदारी को लेकर राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच दुनिया के देशों के साथ मिलकर शांति और विकास की दिशा में आगे बढ़ने की है। विभिन्न देशों के साथ सहयोग बढ़ाने से आर्थिक गतिविधियां तेज होती हैं और भारत को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

दवा व्यापारियों की हड़ताल पर प्रतिक्रिया देते हुए ओपी राजभर ने कहा कि ऐसे आंदोलन ज्यादा प्रभावी नहीं होते। उन्होंने कहा कि एक घंटा सड़क पर चिल्लाने के बाद आंदोलन खत्म हो जाता है।

प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर भी राजभर ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग बिना वजह धूप में बाहर न निकलें और सुबह-शाम के समय अपने जरूरी काम निपटा लें। उन्होंने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी।

--आईएएनएस

पीएसके