अखिलेश के पास कोई मुद्दा नहीं, इसलिए मसखरेपन पर उतर आए : ओमप्रकाश राजभर
लखनऊ, 16 अगस्त(आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि विपक्ष में रहने के बावजूद अखिलेश यादव के पास सरकार के खिलाफ उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए अब वह मसखरेपन पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार गरीब, महिलाओं, किसानों और नौजवानों की चिंता कर रही है, जबकि अपराधियों को उनके सही ठिकाने पर भेजा जा रहा है।
ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "विपक्ष में रहकर आपके (अखिलेश यादव) पास उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं रह गया है, इसलिए आप मसखरेपन पर आ गए हैं। खैर, मुद्दा मिल भी नहीं पाएगा। गरीब से लेकर महिलाओं तक और किसान से लेकर नौजवान तक की चिंता का काम सरकार कर रही है।"
'एक्स' पोस्ट में राजभर ने कहा कि अपराधियों को जहां होना चाहिए, वहां भेजा जा रहा है। हफ्ता वसूलने वाले अब सिर्फ आपकी रैलियों और सभाओं में ही दिखाई देते हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने आगे कहा, "परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी, पार्टी ऑफ डोमिनेटिंग अखिलेश के मुखिया के तौर पर आप कुछ पोस्ट कर दें, आपके लोडर चेले वाह वाह करेंगे और आप खुश होंगे। दिल बहलाने के लिए ये तरीका बढ़िया है। अब आपकी आदत एसी में बैठकर ट्वीट करने की है, तो जो मिले वही पोस्ट कर रहे हैं। कीजिए, अच्छा है। कहिएगा तो कुछ फनी वीडियो हम अपने युवा कार्यकर्ताओं से कहकर आपको भिजवा देंगे। पोस्ट करते रहिएगा।"
दरअसल, अखिलेश यादव ने शनिवार को एक तस्वीर 'एक्स' पर शेयर की, जिसमें मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति अपनी पत्नी और बच्चों के अलावा सामान ले जाते हुए देखा गया। सपा प्रमुख ने लिखा, "सपरिवार और पूरा सामान, बाइक है भाई या मकान?" साथ ही, अखिलेश यादव ने सीमित और सुरक्षित रहने की अपील की।
--आईएएनएस
विकेटी/डीसीएच