अखिलेश दिन में ही देख रहे हैं सपने, जनता सपा की करतूतें नहीं भूली : ब्रजेश पाठक
अयोध्या, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को अयोध्या पहुंचकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में प्रदेश में गुंडागर्दी और माफिया संस्कृति को बढ़ावा दिया और कारसेवकों पर गोली चलाने की घटना को अयोध्या के लोग आज भी नहीं भूले हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया दिन में ही सपने देख रहे हैं और प्रदेश की जनता उन्हें कभी स्वीकार नहीं करेगी। अयोध्या में अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे और रामकथा में शामिल होने से जुड़े सवाल पर ब्रजेश पाठक ने कहा कि वह अपने व्यक्तिगत एजेंडे के तहत अयोध्या आ रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि रामकथा और भगवान राम तथा हनुमान जी से उनका क्या सरोकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस सनातन संस्कृति के खिलाफ रही हैं और चुनाव के समय वोट पाने के लिए अलग-अलग चोला ओढ़ सकती हैं, लेकिन जनता उनकी सच्चाई अच्छी तरह समझती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रामलला की धरती और आराध्य भगवान बजरंगबली की धरती अयोध्या में वह सबके कल्याण और प्रदेश की प्रगति की कामना करने आए हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के निर्माण में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस जितने रोड़े अटका सकती थीं, उन्होंने अटकाने की कोशिश की, लेकिन सनातन संस्कृति की पताका झुकने वाली नहीं है। अयोध्या में प्रभु रामलला का भव्य मंदिर आज दुनिया के सामने अपनी सुंदरता बिखेर रहा है। सनातन संस्कृति आज चरमोत्कर्ष पर है और समाजवादी पार्टी या 'इंडिया' गठबंधन के लोग इसे कभी स्वीकार नहीं कर सकते।
आगामी दीपोत्सव को लेकर उन्होंने कहा कि इस बार अयोध्या का दीपोत्सव पिछले वर्ष से भी अधिक भव्य होगा। ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा कि लोगों को महसूस हो कि स्वयं प्रभु श्रीराम अयोध्या धाम पधार रहे हैं। सपा पर हमला जारी रखते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी को प्रदेश की जनता ने चार बार सरकार बनाने का अवसर दिया, लेकिन उसके शासनकाल की गुंडागर्दी और 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया' जैसी व्यवस्था को लोग आज भी नहीं भूले हैं। उस समय बहू-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था। अयोध्या के लोग यह भी नहीं भूले हैं कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में कारसेवकों पर गोली चलाकर मां सरयू के जल को खून से रंगने का काम किया गया था।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निषाद समाज के अपमान का भी आरोप लगाया और गोरखपुर की घटना का उल्लेख किया। उपमुख्यमंत्री पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी के ही एक बड़े नेता पर अराजक तत्वों द्वारा किया गया हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी हमेशा अराजकता, गुंडई और माफिया गिरोहों को बढ़ावा देने वाली पार्टी रही है। 'भारत टैक्सी' को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि यह भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय का कार्यक्रम है, जिसमें वाहन का मालिक स्वयं चालक और सारथी होगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को इस बात की परेशानी है कि युवा आगे न बढ़ें। प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता युवाओं के साथ है और युवाओं को हर स्थिति में आगे लाने के लिए काम किया जा रहा है। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह नाटक मंडली के पुराने सरगना रहे हैं और जनता उनकी सच्चाई अच्छी तरह जानती है। कोई भी रूप धारण कर लेने से जनता की नजर में सच्चाई नहीं बदल सकती। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी के लोग हनुमान जी को अपना आराध्य मानकर प्रभु रामलला के दर्शन करने जाएं तो उन्हें अपनी सच्चाई का एहसास होगा। पाठक ने दावा किया कि प्रभु राम समाजवादी पार्टी को श्राप दे चुके हैं कि वह अब कभी उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापस नहीं आएगी।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके