☰
×

अजमेर के आजाद पार्क में नवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ, विधि-विधान से स्थापित की गई मां दुर्गा की प्रतिमा

 

अजमेर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान विधानसभा के स्पीकर वासुदेव देवनानी, मेयर अनामिका शर्मा, डिप्टी मेयर हेमंत सांखला और अन्य लोगों की मौजूदगी में आजाद पार्क में देवी दुर्गा की पारंपरिक स्थापना और पूजा के साथ नौ दिन तक चलने वाले नवरात्रि उत्सव की शुरुआत हुई।

अजमेर नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के तहत विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता की पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

नवरात्रि के आगमन के साथ ही आजाद पार्क में धार्मिक उत्सव का माहौल नजर आया। मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापना और पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय आयोजन की शुरुआत हुई। नगर निगम की ओर से नौ दिनों तक यहां डांडिया कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में शहरवासी उत्साह के साथ भाग लेकर भक्ति, संगीत और पारंपरिक नृत्य का आनंद ले सकेंगे।

इस आयोजन के जरिए शहरवासियों को धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा। नवरात्रि के नौ दिनों तक आजाद पार्क में उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहेगा।

कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, अजमेर नगर निगम की महापौर अनामिका शर्मा, उपमहापौर हेमंत सांखला सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर नवरात्रि पर्व की शुरुआत की।

इस मौके पर राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मीडिया से बातचीत करते हुए अजमेर और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकानाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष की तरह इस साल भी नगर निगम की ओर से पार्क में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई है। नवरात्रि के दौरान यहां डांडिया के साथ रामलीला का भी मंचन होगा।

डिप्टी मेयर ने हेमंत सांखला हर वर्ष की तरह नगर निगम इस बार भी दशहरा महोत्सव का आयोजन कर रहा है। क्षेत्रवासियों से अपील है कि 9 दिनों तक चलने वाले उत्सव में शामिल होकर डांडिया में हिस्सा लें और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करें।

मेयर अनामिका शर्मा ने कहा कि डिप्टी मेयर, पार्षदों और अन्य नेताओं की मौजदूगी में आजाद पार्क में मां भगवती की मूर्ति की स्थापना की है। पार्क में 9 दिनों तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन होगा। क्षेत्रवासी यहां पहुंचकर डांडिया सहित अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लें।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम