×

अजीत कुमार और शालिनी की सुपरहिट फिल्म 'अमरकलम' फिर होगी रिलीज, शादी की सालगिरह पर खास तोहफा

 

चेन्नई, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय सिनेमा में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो सिर्फ अपने समय में ही नहीं, बल्कि सालों बाद भी दर्शकों के दिलों में उसी तरह बसी रहती हैं। ऐसी ही एक फिल्म है 'अमरकलम'... अब एक बार फिर यह फिल्म बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। इस खबर ने फैंस के बीच उत्साह को और बढ़ा दिया है।

डायरेक्टर सरन की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म को 24 अप्रैल को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इस तारीख को बेहद सोच-समझकर चुना गया है, क्योंकि इसी दिन अजित कुमार और शालिनी की शादी की सालगिरह भी है। ऐसे में यह री-रिलीज उनके फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।

'अमरकलम' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक खूबसूरत प्रेम कहानी की शुरुआत भी है। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान अजीत और शालिनी पहली बार मिले थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उनका रिश्ता प्यार में बदल गया। बाद में दोनों ने शादी कर ली और आज वे इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं।

फिल्म की री-रिलीज को और खास बनाने के लिए इसे अल्ट्रा हाई डेफिनेशन में तैयार किया गया है, ताकि दर्शक इसे नई तकनीक के साथ बेहतर अनुभव में देख सकें। साल 1999 में जब यह फिल्म पहली बार रिलीज हुई थी, तब इसने बॉक्स ऑफिस पर जमकर राज किया था। अब उम्मीद की जा रही है कि दोबारा रिलीज के दौरान भी सिनेमाघरों में वैसा ही उत्साह और भीड़ देखने को मिलेगी।

'अमरकलम' फिल्म की सफलता में इसके संगीत का भी बड़ा योगदान रहा था। म्यूजिक डायरेक्टर भारद्वाज का संगीत आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। वहीं, शालिनी की मासूमियत और दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने फिल्म को और खास बना दिया। अजीत की एनर्जेटिक परफॉर्मेंस ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया था।

'अमरकलम' की री-रिलीज एक यादगार दौर को फिर से जीने का मौका है। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म एक बार फिर सिनेमाघरों में वही जादू बिखेरेगी, जो उसने सालों पहले किया था।

--आईएएनएस

पीके/एएसस