×

एयरट्रंक भारत के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम में करेगा 30 अरब डॉलर का निवेश, पीएम मोदी ने किया स्वागत

 

नई दिल्ली, 5 जून (आईएएनएस)। एयरट्रंक द्वारा भारत के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम में 3 लाख करोड़ रुपए (30 अरब डॉलर) के निवेश का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्वागत किया। साथ ही इसे भारत के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर यात्रा में एक अहम पल बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी ने कहा, "भारत की डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर की यात्रा तेजी से गति पकड़ रही है। एयरट्रंक ने भारत में लगभग 3 लाख करोड़ रुपए (30 अरब डॉलर) का निवेश करने और 5 गीगावाट डेटा सेंटर क्षमता विकसित करने की योजना की घोषणा की है। यह देश के डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर इकोसिस्टम में प्रस्तावित सबसे बड़े निवेशों में से एक है।"

उन्होंने आगे कहा,"इस तरह के निवेश से क्लाउड कंप्यूटिंग और एआई के ग्लोबल हब के रूप में भारत की स्थिति मजबूत होगी, साथ ही रोजगार के अवसर पैदा होंगे, स्थानीय आपूर्ति श्रृंखलाओं को समर्थन मिलेगा और इनोवेशन आधारित विकास में तेजी आएगी।"

उन्होंने आगे कहा कि इससे यह स्पष्ट है कि विश्व की डिजिटल अर्थव्यवस्था का भविष्य तेजी से भारत में आकार ले रहा है।

ब्लैकस्टोन और कैनेडियन पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड द्वारा समर्थित एयरट्रंक ने भारतीय बाजार में अप्रैल में लुमिना क्लाउडइन्फ्रा के अधिग्रहण के बाद प्रवेश किया था।

कंपनी की योजना अगले पांच वर्षों में यानी 2030 तक भारत में 30 अरब डॉलर निवेश करने की है।

इस अवसर पर कंपनी के सीईओ रॉबिन खुदा ने शुक्रवार को पीएम मोदी से भी मुलाकात की।

कंपनी की प्रेस रिलीज में खुदा ने कहा कि पूंजी गतिशील है, और भारत इसके फलने-फूलने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत एआई के लिए एक शीर्ष-स्तरीय दृष्टिकोण अपना रहा है, जिसमें स्पष्ट सरकारी पहल, विश्व स्तरीय प्रतिभाओं का भंडार और नवीकरणीय ऊर्जा की व्यापक उपलब्धता शामिल है। लुमिना के माध्यम से बाजार में प्रवेश करने से पहले ही हम भारत को लेकर बुलिश थे।

--आईएएनएस

एबीएस