एयरफोर्स के विमानों का शानदार ‘एलीफेंट वॉक’, वायुसेना की ऑपरेशनल तैयारी
नई दिल्ली, 04 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय वायुसेना के येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर वायुसेना के विमानों का एक प्रभावशाली ‘एलीफेंट वॉक’ देखने को मिला। यहां वायुसेना के सभी डार्नियर 228 (डो-228) विमानों ने अनुशासित तरीके से बेहतरीन प्रदर्शन किया। विमानों की इस ‘एलीफेंट वॉक’ ने वायुसेना की परिचालन तैयारियों, रखरखाव की उत्कृष्टता, आपसी समन्वय और प्रशिक्षित एयर क्रू की दक्षता को प्रदर्शित किया।
दरअसल ‘एलीफेंट वॉक’ ग्राउंड पर विमानों की एक बड़ा ही सधी हुई मूवमेंट होती है। इसमें कई सारे विमानों को एक निर्धारित क्रम और समन्वित तरीके से जमीन पर आगे बढ़ाया जाता है। इस तरह का अभ्यास विमानों की संख्या और शक्ति का प्रदर्शन होता है। साथ ही साथ यह बेहतर योजना, तकनीकी तैयारी, रखरखाव व्यवस्था और चालक दल के बीच तालमेल को भी दर्शाता है।
यह उपलब्धि हासिल करने वाले बेंगलूरु के येलहंका एयरफोर्स स्टेशन का परिवहन विमान संचालन और प्रशिक्षण से जुड़ा लंबा इतिहास रहा है। एलीफेंट वॉक के दौरान डोनियर-228 विमानों की एक साथ मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि किसी भी ऑपरेशनल आवश्यकता के समय विमानों, तकनीकी दल और चालक दल के बीच समन्वय के लिए उच्च स्तर की तैयारी है।
यह अभ्यास ‘ताकत में एकजुटता और कार्रवाई में सटीकता’ की भावना को सामने लाता है। येलहंका एयरफोर्स स्टेशन पर डोनियर-228 विमानों का यह प्रदर्शन शक्ति, तकनीकी दक्षता, प्रशिक्षण और विवेक भावना को दर्शाता है। इस एलीफेंट वॉक ने यह भी रेखांकित किया कि आधुनिक सैन्य अभियानों में केवल अत्याधुनिक विमान होना पर्याप्त नहीं है। उनकी हर समय परिचालन के लिए तैयार स्थिति, नियमित रखरखाव, प्रशिक्षित चालक दल और जमीन पर काम करने वाली टीमों के बीच निर्बाध समन्वय उतना ही महत्वपूर्ण है।
गौरतलब है कि एशिया के सबसे बड़े हवाई शो ‘एयरो इंडिया’ के 16वें संस्करण का आयोजन 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के इसी वायुसेना स्टेशन, येलहंका में किया जाएगा। ‘एयरो इंडिया’ में दुनिया की प्रमुख विमानन एवं रक्षा प्रदर्शनियों में शामिल होंगी। इस पांच दिवसीय आयोजन में दुनिया भर की प्रमुख विमानन और रक्षा कंपनियां, नीति निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ, नवाचारकर्ता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि व रक्षा बलों के अधिकारी एक ही मंच पर जुटेंगे।
एयरो इंडिया 2027 की सबसे बड़ी खासियतों में से एक शानदार हवाई प्रदर्शन होगा। भारतीय वायुसेना के साथ-साथ विभिन्न देशों की उड़ान टीमें भी इसमें हिस्सा लेंगी। दर्शकों को आसमान में अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों की क्षमता और रोमांचक उड़ान करतब देखने का मौका मिलेगा। यानी येलहंका का आसमान दुनिया के सामने भारत की बढ़ती विमानन और रक्षा क्षमता की तस्वीर पेश करेगा। यहां देश विदेश के लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर व परिवहन विमान मौजूद रहेंगे।
--आईएएनएस
जीसीबी/एमएस