एयर इंडिया समूह ने दुबई-शारजाह की कई अस्थायी उड़ानों में कटौती की
नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। एयर इंडिया समूह ने 15 मार्च को यूएई के लिए आयोजित होने वाली अस्थायी उड़ानों को लेकर बड़ी जानकारी दी है। एयर इंडिया समूह ने बताया कि यूएई हवाई अड्डा प्राधिकरण के निर्देशों के बाद, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को रविवार, 15 मार्च के लिए अपनी अस्थायी उड़ानों में कटौती करनी पड़ रही है।
बता दें कि एयर इंडिया दिल्ली से दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित करेगी। दुबई के लिए निर्धारित पांच उड़ानों में से चार उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली से दुबई की एक वापसी उड़ान संचालित करेगी। दुबई के लिए निर्धारित छह उड़ानों में से पांच रद्द कर दी गई हैं।
अबू धाबी के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की सभी पांच उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, शारजाह से एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, कोच्चि, कोझिकोड, मुंबई और तिरुवनंतपुरम के लिए उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस रस अल खैमाह से कोझिकोड और रस अल खैमाह-कोच्चि के लिए उड़ानें संचालित करेगी। ये उड़ानें स्लॉट की उपलब्धता और संचालन के समय की स्थिति को देखते हुए संचालित की जाएंगी। रद्द या अस्थायी रूप से निलंबित सेवाओं के यात्री बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के आगे के लिए फिर बुकिंग कर सकते हैं या पूरे पैसे की वापसी का विकल्प चुन सकते हैं।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उड़ानों के रद्द होने पर यात्रियों से खेद व्यक्त किया। एयर इंडिया समूह ने कहा कि हम फंसे हुए यात्रियों को जल्द से जल्द घर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बता दें कि एक दिन पहले शनिवार को अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस शनिवार को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 80 निर्धारित और गैर निर्धारित उड़ानें संचालित करने की जानकारी दी थी। इससे पहले, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी हवाई टिकटों पर ईंधन सरचार्ज लागू करने की घोषणा की थी। एयरलाइन समूह के अनुसार, घरेलू उड़ानों पर प्रति टिकट 399 रुपए का ईंधन सरचार्ज 12 मार्च से प्रभावी हो गया है। यही अधिभार दक्षिण एशियाई क्षेत्र के डेस्टीनेशन के लिए उड़ानों पर भी लागू होता है।
--आईएएनएस
एसडी/एएस