एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में तकनीकी खराबी, वीडियो में जाने एक इंजन बंद कर कोच्चि लौटा विमान; इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई
एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट में तकनीकी खराबी के बाद बड़ा हादसा टल गया। अबू धाबी जा रहे बोइंग 737 विमान को इंजन में समस्या आने के बाद एक इंजन के सहारे वापस कोच्चि लौटना पड़ा। विमान की कोच्चि एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। घटना के बाद यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल बन गया था। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह फ्लाइट कोच्चि से अबू धाबी के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के करीब 50 मिनट बाद पायलट को विमान के एक इंजन में ऑयल प्रेशर कम होने का संकेत मिला। उस समय विमान करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।सूत्रों के अनुसार, जांच में पता चला कि इंजन में ऑयल का स्तर खतरनाक स्थिति तक कम हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों पायलटों ने एहतियाती कदम उठाया और प्रभावित इंजन को बंद करने का फैसला किया। इसके बाद विमान ने केवल एक इंजन के सहारे कोच्चि एयरपोर्ट की ओर वापसी की।
ज्यादा ईंधन होने के कारण करनी पड़ी ओवरवेट लैंडिंग
बताया जा रहा है कि विमान ने उड़ान के कुछ ही समय बाद वापस लौटने का फैसला किया था। ऐसे में उसमें काफी मात्रा में ईंधन मौजूद था। विमान में अधिक वजन होने के कारण इसकी लैंडिंग सामान्य लैंडिंग की तुलना में ज्यादा चुनौतीपूर्ण थी। इसे ओवरवेट लैंडिंग कहा जाता है, जिसमें पायलटों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है।हालांकि, पायलटों की सूझबूझ और तय सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करने के कारण विमान को सुरक्षित रूप से कोच्चि में उतार लिया गया। इस दौरान किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दी सफाई
घटना को लेकर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने बयान जारी किया है। एयरलाइन ने कहा कि करीब एक हफ्ते पहले कोच्चि-अबू धाबी रूट की एक फ्लाइट ने निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत वापस कोच्चि लौटने का फैसला किया था।एयरलाइन ने कहा कि इस घटना को सही समय और पूरे संदर्भ के बिना पेश करने वाली रिपोर्ट्स यात्रियों और आम लोगों के बीच अनावश्यक चिंता पैदा कर सकती हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी मानकों का पालन करते हुए विमान को सुरक्षित तरीके से वापस लाया गया।
पायलटों की सतर्कता से टला खतरा
एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी समस्या आने पर पायलटों को तय प्रक्रिया के तहत तुरंत निर्णय लेना होता है। इस मामले में पायलटों ने समय रहते खराब इंजन को बंद किया और विमान को सुरक्षित वापस लाने का फैसला किया।घटना के बाद विमान की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि इंजन में आई खराबी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। एयरलाइन की ओर से यात्रियों को भी स्थिति की जानकारी दी गई।