Air India Controversy: चूड़ा, मंगलसूत्र और सिंदूर पर रोक के दावे से मचा बवाल, सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित हैंडबुक के पन्ने
एयर इंडिया एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा के केंद्र में है। इस बार विवाद की वजह केबिन क्रू के लिए बनाए गए ड्रेस और ग्रूमिंग नियमों से जुड़ा एक दावा है। सोशल मीडिया पर एअर इंडिया के केबिन क्रू हैंडबुक के कथित पन्नों के स्क्रीनशॉट वायरल हो रहे हैं, जिनमें शादी का चूड़ा, मंगलसूत्र, बिंदी, सिंदूर, टीका (तिलक) और कलावा जैसी पारंपरिक हिंदू वस्तुएं पहनने पर रोक लगाए जाने की बात कही जा रही है। इन स्क्रीनशॉट्स के वायरल होने के बाद इंटरनेट पर बहस छिड़ गई है।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जा रहे कथित स्क्रीनशॉट्स में दावा किया गया है कि एयर इंडिया ने अपने केबिन क्रू के लिए कुछ धार्मिक और पारंपरिक प्रतीकों को पहनने पर प्रतिबंध लगाया है। इनमें शादीशुदा महिलाओं द्वारा पहने जाने वाले चूड़ा, मंगलसूत्र, सिंदूर और बिंदी के अलावा पुरुषों द्वारा पहना जाने वाला कलावा और तिलक भी शामिल बताए गए हैं।
जैसे ही ये स्क्रीनशॉट वायरल हुए, कई यूजर्स ने इसे धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए सवाल उठाने शुरू कर दिए। कुछ लोगों ने एयरलाइन की कथित नीति की आलोचना की, जबकि कई यूजर्स ने आधिकारिक स्पष्टीकरण की मांग की।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वायरल पोस्ट्स पर हजारों लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक वर्ग का कहना है कि कर्मचारियों को अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान प्रदर्शित करने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। वहीं दूसरे वर्ग का तर्क है कि अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस अक्सर पेशेवर और एकरूप (यूनिफॉर्म) लुक बनाए रखने के लिए सख्त ग्रूमिंग गाइडलाइंस लागू करती हैं।
सोशल मीडिया पर #AirIndia और अन्य संबंधित हैशटैग भी ट्रेंड करने लगे, जिससे यह मुद्दा और अधिक चर्चा में आ गया।
एयरलाइंस में क्यों बनाए जाते हैं ग्रूमिंग नियम?
एविएशन इंडस्ट्री में केबिन क्रू के लिए ड्रेस कोड और ग्रूमिंग स्टैंडर्ड आम बात है। अधिकांश एयरलाइंस अपने कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म, हेयर स्टाइल, ज्वेलरी और मेकअप से जुड़े दिशा-निर्देश तय करती हैं, ताकि सभी कर्मचारी एक समान और पेशेवर दिखाई दें।
हालांकि, जब ऐसे नियम धार्मिक या सांस्कृतिक प्रतीकों से जुड़े दिखाई देते हैं, तो वे अक्सर बहस और विवाद का विषय बन जाते हैं।
आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन कथित स्क्रीनशॉट्स की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही, यह भी स्पष्ट नहीं है कि वायरल दस्तावेज मौजूदा हैं या पुराने। मामले को लेकर लोगों की नजर अब एयर इंडिया की आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।
जब तक कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया जाता, तब तक वायरल दावों की सत्यता को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं मानी जा सकती। हालांकि, इस मुद्दे ने सोशल मीडिया पर धार्मिक प्रतीकों, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और कॉर्पोरेट ड्रेस कोड को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है।