एयर इंडिया 29 मार्च से अहमदाबाद की सभी घरेलू उड़ानें टर्मिनल-2 पर शिफ्ट करेगी
अहमदाबाद, 27 मार्च (आईएएनएस)। एयर इंडिया ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अपनी सभी घरेलू उड़ानों को टर्मिनल-1 से टर्मिनल-2 पर शिफ्ट करने का फैसला लिया है। यह बदलाव 29 मार्च से लागू हो जाएगा।
एयर इंडिया की अहमदाबाद से संचालित होने वाली कुल 210 साप्ताहिक घरेलू उड़ानें अब केवल टर्मिनल-2 से ही संचालित होंगी। एयरलाइन की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें पहले से ही टर्मिनल-2 से चल रही हैं। इस शिफ्ट के बाद एयर इंडिया की सभी उड़ानें (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय) एक ही टर्मिनल से होंगी।
एयरलाइन ने इस बदलाव को यात्रियों के लिए बेहतर एयरपोर्ट अनुभव प्रदान करने का हिस्सा बताया है। टर्मिनल-2 कुल 49,000 वर्ग मीटर में फैला है और इसमें अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसमें 52 चेक-इन काउंटर, सेल्फ-बैगेज ड्रॉप कियोस्क, डीजीयात्रा कियोस्क, 17 डिपार्चर इमिग्रेशन काउंटर, 22 अराइवल इमिग्रेशन काउंटर, 8 फास्ट ट्रैक ई-गेट और आधुनिक रिटेल और फूड कोर्ट की सुविधाएं शामिल हैं।
एयर इंडिया ने अहमदाबाद रूट पर बुकिंग कराने वाले सभी यात्रियों को एसएमएस, ईमेल और अन्य माध्यमों से इस बदलाव की जानकारी पहले से ही देना शुरू कर दिया है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपने टर्मिनल की पुष्टि जरूर कर लें, ताकि आखिरी समय में कोई परेशानी न हो।
एयर इंडिया ग्रुप (एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस) भारतीय एविएशन क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रहा है। एयर इंडिया की स्थापना 1932 में जेआरडी टाटा द्वारा की गई थी। आज यह ग्रुप 30,000 से अधिक कर्मचारियों के साथ 300 से ज्यादा विमानों का बेड़ा संचालित करता है और 59 घरेलू और 51 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक अपनी सेवाएं पहुंचाता है।
2022 में टाटा संस के अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया 'वीहान एआई' नामक पांच वर्षीय बदलाव कार्यक्रम चला रही है। इस कार्यक्रम के तहत एयरलाइन ने 600 नए विमानों का ऑर्डर दिया है। 2024 में एयर एशिया इंडिया और विस्तारा का सफल विलय एयर इंडिया एक्सप्रेस और एयर इंडिया में हो चुका है। एय र इंडिया ने हाल ही में दक्षिण एशिया की सबसे बड़ी एविएशन ट्रेनिंग अकादमी भी शुरू की है। 2026 में नया फ्लाइंग स्कूल खुलने वाला है, और एक ग्रीनफील्ड मेंटेनेंस बेस का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा, सभी पुराने विमानों के इंटीरियर को भी चरणबद्ध तरीके से नया रूप दिया जा रहा है।
--आईएएनएस
एससीएच