×

एम्स भोपाल में 39 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती, जल्द करें आवेदन, अंतिम तिथि नजदीक

 

भोपाल, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका है। दरअसल, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स भोपाल) ने असिस्टेंट प्रोफेसर के विभिन्न 39 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है, जिसके लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 6 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 अप्रैल निर्धारित कई गई है। ऐसे में एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों को तय लास्ट डेट या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

एम्स भोपाल ने असिस्टेंट प्रोफेसर के जिन 39 पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, सामान्य चिकित्सा, न्यूरोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्रीरोग विज्ञान, पेडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी एवं प्रयोगशाला चिकित्सा, मूत्रविज्ञान, कार्डियोथोरेसिक सर्जरी (सीटीवीएस) और मेडिकल जेनेटिक्स के 1-1; नवजात शिशु विज्ञान, नेफ्रोलॉजी, फुफ्फुसीय चिकित्सा, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, आघात एवं आपातकालीन चिकित्सा, जलन एवं प्लास्टिक सर्जरी, हृदय रोग विज्ञान और त्वचाविज्ञान के 2-2; मेडिकल ऑन्कोलॉजी/हेमेटोलॉजी, रेडियोडायग्नोसिस, क्रिटिकल केयर मेडिसिन और रूमेटोलॉजी एवं क्लिनिकल इम्यूनोलॉजी के 3-3 पद शामिल हैं।

आवेदन भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमडी/एमएस की डिग्री के साथ अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू के तिथि के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,42,506 रुपए प्रति माह होगी। वहीं, शॉर्टलिस्टिंग के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन/इंटरव्यू, 'कौटिल्य भवन (प्रशासनिक भवन), एम्स, साकेत नगर, भोपाल-462020' पते में आयोजित किए जाएंगे।

आवेदन फॉर्म भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 2,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/दिव्यांग और महिलाएं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स भोपाल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद के लिए जारी आवेदन पत्र को डाउनलोड करें और उसका प्रिंटआउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी