एम्स दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर सहित 26 पदों निकली भर्ती, जल्द शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स-दिल्ली) ने असिस्टेंट प्रोफेसर सहित विभिन्न 26 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर वैकेंसी निकाली है।
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स-दिल्ली) ने जिन 26 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें नेफ्रोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा के असिस्टेंट प्रोफेसर, कार्डियोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर, पैथोलॉजी/साइटो-पैथोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर, क्लिनिकल हेमेटोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर और यूरोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर के 2-2; पैथोलॉजी (मुख्य विभाग), साइटो-पैथोलॉजी (मुख्य विभाग), नेत्र विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर (डॉ आरपीसी), पल्मोनरी मेडिसिन के असिस्टेंट प्रोफेसर, ऑन्को-एनेस्थेसियोलॉजी (एनसीआई, झज्जर), ऑन्को-एनेस्थेसियोलॉजी (डॉ. ब्रेर्च) और एनेस्थेसियोलॉजी (एनसीआई, झज्जर) के 1-1; ऑन्को-एनेस्थेसियोलॉजी/एनेस्थेसियोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर के 4 और न्यूरोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर के 3 पद शामिल हैं।
एम्स-दिल्ली की ओर से जारी पदों के ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 27 अप्रैल से शुरू हो जाएगी और आवेदन की अंतिम तिथि 11 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम, 1956 की अनुसूची I और II या तीसरी अनुसूची के भाग II में शामिल चिकित्सा योग्यता, पद के अनुसार विशिष्ट पोस्ट-ग्रेजुएशन योग्यता (एमडी/एमएस/डीएम/एमसीएच) और शिक्षण/अनुसंधान अनुभव होना चाहिए।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 50 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 11 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक पात्रता जांच, स्क्रीनिंग प्रक्रिया, शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,42,506 रुपए प्रति माह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 3,000 रुपए और एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 2,400 रुपए तय किया गया है। वहीं, दिव्यांग उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स-दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम