एआईसीडब्ल्यूए ने की 'सरके चुनर' को बैन करने की मांग, सरकार से सख्त गाइडलाइंस लाने की अपील
मुंबई, 17 मार्च (आईएएनएस)। फिल्म 'केडी: द डेविल' का गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' लगातार विवादों में घिरता जा रहा है। अब इस मामले में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े बड़े संगठन भी खुलकर विरोध कर रहे हैं। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने इस गाने के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए तुरंत बैन करने की मांग की है।
एआईसीडब्ल्यूए ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के चेयरमैन प्रसून जोशी को एक आधिकारिक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि इस गाने में अश्लील और डबल मीनिंग कंटेंट का इस्तेमाल किया गया है, जो भारतीय सिनेमा की छवि के खिलाफ है। इस तरह का कंटेंट किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
एआईसीडब्ल्यूए ने सरकार से भी इस मामले में दखल देने की अपील की है। उन्होंने सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग की है कि फिल्मों और गानों में बढ़ रहे अश्लील कंटेंट पर रोक लगाने के लिए सख्त नियम बनाए जाएं। उनका मानना है कि अगर समय रहते इस पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसका समाज, खासकर युवाओं, पर बुरा असर पड़ सकता है।
एसोसिएशन ने अपनी मांगों में कहा है कि इस गाने को सभी प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाया जाए और इस पर पूरी तरह बैन लगाया जाए। साथ ही, उन्होंने मांग की कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) फिल्म की दोबारा जांच करे। इसके अलावा, प्रोड्यूसर और गाने से जुड़े लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की गई है।
एआईसीडब्ल्यूए ने यह भी संदेह जताया है कि कहीं इस तरह का विवाद जानबूझकर पब्लिसिटी के लिए तो नहीं किया गया, इसलिए इसकी जांच भी होनी चाहिए।
यह विवाद गाने के रिलीज होते ही शुरू हो गया था। इस गाने को नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया। गाने के बोल रकीब आलम ने लिखे हैं, जिन्हें सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अश्लील बताया। विवाद तब और बढ़ गया जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने भी इस मामले में नोटिस जारी किया। इसके अलावा वकील विनीत जिंदल ने भी गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और इसे बैन करने की मांग की।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम