एआई समिट में कांग्रेस का प्रदर्शन 'थ्री एस- शर्टलेस, शेमलेस और सीटलेस' मॉडल : भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ
नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने दिल्ली में आयोजित हुए एआई इम्पैक्ट समिट को सफल आयोजन बताया। उन्होंने यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की और इसे 3 एस- शर्टलेस, शेमलेस और सीटलेस बताया।
भाजपा प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "दुनियाभर की एआई कंपनियों के सैकड़ों सीईओ ने इस आयोजन में भाग लिया। दुनिया के बड़े-बड़े राष्ट्राध्यक्ष चाहे वे फ्रांस से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक के हों या फिर एशिया महाद्वीप से लेकर अमेरिका महाद्वीप तक के लोग हों, विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने इस समिट में भाग लिया।"
उन्होंने कहा, "3.5 लाख से ज्यादा लोग, एआई में काम करने वाले लोग और इस विषय पर पढ़ने वाले बच्चों ने समिट में भाग लिया। केवल भ्रष्टाचार करना एक समिट की सफलता नहीं होती, जिसकी कांग्रेस पार्टी को आदत है। कांग्रेस के लिए सफलता की कुंजी यह है कि जब उन्हें कॉमनवेल्थ गेम्स को सफल करना हुआ तो उन्होंने भ्रष्टाचार किया। अब समिट की सफलता का पैमाना अलग है। भारत के ओरिजिनल एलएलएम बनने की बात हो रही है। देश एआई की दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। वहीं कुछ विरोधी इसको लेकर सवाल उठा रहे हैं।"
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "कांग्रेस पार्टी ऐसा प्रदर्शन कर रही है, जिसको मैं 'थ्री एस (शेमलेस, शर्टलेस और सीटलेस) मॉडल' बोलूंगा। कांग्रेस के जो गुंडे हैं, उनका बचाव लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कर रहे हैं। वो संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं, जिनकी सुरक्षा के लिए देशवासी पैसा चुकाते हैं, और वो देशविरोधी ताकतों का समर्थन कर रहे हैं।"
गौरव वल्लभ ने कहा, "जब कोई एआई समिट में विरोध प्रदर्शन करता है, तो वो भारत के सपनों और नए रोजगार के सृजन का विरोध करता है। जो लोग भारत का विरोध करते हैं, उन्हें पाकिस्तान में वोट मिल सकते हैं, लेकिन भारत में नहीं। कांग्रेस का 42 का जो रिकॉर्ड है, वो आने वाले समय में इससे भी नीचे आकर गिरेगा। कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते भारत विरोध पर उतारू हो चुकी है। वो देश के विकास, गवर्नेंस, डेवलपमेंट, और टेक्नोलॉजी का विरोध कर रही है।"
--आईएएनएस
एससीएच/एमएस