एआई समिट में बिहार पवेलियन के उद्घाटन पर दिलीप जायसवाल बोले, राज्य तेजी से बढ़ेगा आगे
पटना, 19 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि देश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है और भारत अब एआई नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने आईएएनएस से बताया कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट एक्सपो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण समिट में बिहार पवेलियन का उद्घाटन भी किया गया है। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन समझौतों से बिहार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ेगा और राज्य राष्ट्रीय विकास की गति के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा।
मंत्री ने राहुल गांधी को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय की समीक्षा करना एक अलग बात है, लेकिन सरकार की नीतियां अलग स्तर पर काम करती हैं। राहुल गांधी अभी राजनीतिक रूप से परिपक्व नहीं हैं और जिस तरह वे राष्ट्रीय भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर बयान देते हैं, वह राजनीतिक दृष्टि से उचित नहीं है।
शराबबंदी कानून की समीक्षा की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप जायसवाल ने आरएलएम विधायक माधव आनंद पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति स्वयं सदन की कार्यवाही में गंभीरता नहीं दिखाता और अक्सर अनुपस्थित रहता है, उसके बयानों का कोई विशेष महत्व नहीं है। मंत्री जायसवाल ने तंज कसते हुए कहा कि यदि वे चाहें तो पांच साल तक ऐसे ही बयान देते रहें।
दरअसल माधव आनंद ने नीतीश कुमार से बातचीत कर राज्य में लिए गए कई महत्वपूर्ण फैसलों की सराहना की थी। उन्होंने कहा था कि नीतीश सरकार के कार्यकाल में कई क्रांतिकारी निर्णय लिए गए, जिनसे पूरे बिहार को लाभ मिला है। इन्हीं महत्वपूर्ण फैसलों में शराबबंदी कानून भी शामिल है, जिसे अच्छे उद्देश्यों को ध्यान में रखकर लागू किया गया था, हालांकि उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इस कानून की विस्तृत समीक्षा की जाए। उनके अनुसार यह देखना जरूरी है कि शराबबंदी से क्या हासिल हुआ, किन उद्देश्यों के लिए इसे लागू किया गया था और इसमें कहीं कोई कमी रह गई है या नहीं।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी