एआई के बढ़ते चलन पर बोले कॉमेडी किंग कपिल शर्मा, कहा-टेक्नोलॉजी अच्छी, पर बुरा देखना भी जरूरी
मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। आज के समय में एआई का बोलबाला तेजी से बढ़ता जा रहा है। इससे कई फायदे हैं तो कुछ नुकसान भी देखने को मिलते हैं। इसी को लेकर मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा ने प्रतिक्रिया दी।
कपिल का कहना है कि इसके बढ़ते चलने के कारण असली और नकली की पहचान करना थोड़ा मुश्किल होता जा रहा है। दरअसल, हाल ही में कपिल पंजाबी आइकन अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने आईएएनएस के साथ खास बातचीत की।
आईएएनएस ने कपिल से सवाल किया, "पहले फिल्मों में पंजाब को बहुत सुंदर तरीके से दिखाया जाता था, लेकिन एआई के आने के बाद वो असलीपन गायब सा हो गया है। इसके पीछे का बदलाव अच्छा है या बुरा?"
कपिल ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा, "जहां एक तरफ तकनीकी क्षेत्र में तरक्की देखने को मिल रही है, वहीं इसके बुरे असर को देखना भी बेहद जरूरी है, ताकि उससे होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। आज के समय में दर्शकों को असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो गया है।"
उन्होंने कहा, "एआई एक टेक्नोलॉजी के तौर पर अच्छा है। इसके जरिए हम धीरे धीरे तरक्की की ओर बढ़ रहे हैं, लेकिन हमें इसके बुरे पहलुओं को भी ध्यान देना चाहिए, ताकि असली और नकली में फर्क कर सकें।"
कपिल की बात करें, तो वे जल्द ही फिल्म 'दादी की शादी' में नजर आने वाले हैं। कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'दादी की शादी' में नीतू कपूर और कपिल शर्मा सहित कई सितारे नजर आएंगे। इस फिल्म में नीतू अपनी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी के साथ किसी फिल्म में पहली बार नजर आएंगी। यह फिल्म रिद्धिमा की डेब्यू फिल्म होगी।
'दादी की शादी' में कपिल शर्मा, नीतू कपूर और रिद्धिमा कपूर साहनी के अलावा, सादिया खतीब, साउथ सिनेमा के सुपरस्टार सरथ कुमार, निखत हेगड़े, तेजस्विनी कोल्हापुरे और सादिया खतीब सहित कई सहायक कलाकार शामिल हैं। यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 8 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी