×

फोन चोरी करने फ्लाइट से पहुंचे अहमदाबाद, पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का किया भंडाफोड़

 

अहमदाबाद, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अहमदाबाद पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले एक कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने झारखंड से 21 चोरी के फोन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अहमदाबाद सिटी जोन 3 की डीसीपी रूपल सोलंकी ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 16 फरवरी के आसपास हमने अमित महतो और बादल महतो नाम के दो आरोपियों को पकड़ा था। इन दोनों को 9 फोन के साथ पकड़ा गया था। इनसे पूछताछ में पता चला था कि रघु नाम का एक शख्स इन सब को हैंडल करता था। उन्होंने बताया कि इन लोगों ने गीत मंदिर बस स्टॉप से अलग-अलग लोगों के फोन चोरी किए थे।

डीसीपी ने बताया कि तब से हम रघु को ट्रेस कर रहे थे। रघु महतो और विक्रम महतो को पकड़ने में सफलता मिली है। रघु ही सबको इकठ्ठा करके चोरी करने के लिए लाता था। डीसीपी रूपल सोलंकी ने बताया कि ये चार-पांच लोग भीड़-भाड़ वाले इलाके से फोन चोरी करते थे। ये गैंग झारखंड से फ्लाइट से स्पेशल आईपीएल में चोरी करने के लिए यहां आया था। इनके पास से आईपीएल टिकट भी बरामद किया गया है।

उन्होंने बताया कि चार तारीख को अहमदाबाद स्टेडियम में खेले गए मैच के दौरान इन लोगों ने दो फोन चोरी किए थे। ये लोग बेंगलुरु में खेले गए आईपीएल मैचों के दौरान वहां मौजूद थे। बेंगलुरु से भी इन लोगों ने दो फोन चोरी किए थे। गुजरात में आणंद, मेहसाना और कई अलग-अलग जगहों पर इन्होंने चोरी की है। इन लोगों के पास से पुलिस ने 21 फोन बरामद किए हैं। शातिर एक जगह से 25 से 30 फोन चुराने के बाद स्थान छोड़ देते थे।

डीसीपी ने बताया कि फोन चोरी करने के बाद आरोपी सभी फोन को झारखंड ले जाते थे। वहां एक बाजार लगता है, उस बाजार में फोन बेचे जाते थे। फोन के पार्ट्स निकालकर अलग-अलग जगहों पर बेचा जाता था। इस तरह से ये गैंग झारखंड से आकर चोरी की घटना को अंजाम देता था।

--आईएएनएस

एसडी/एबीएम