×

अहमदाबाद फैशन वीक में रेस्क्यू पालतू जानवरों संग रैंप पर उतरीं एकता जैन, बोलीं- 'इन्हें खरीदें नहीं, गोद लें'

 

अहमदाबाद, 18 जून (आईएएनएस)। फैशन की दुनिया में अक्सर ग्लैमर और नए डिजाइन्स की चर्चा होती है, लेकिन जब फैशन किसी सामाजिक संदेश के साथ जुड़ जाए तो उसका असर और भी बढ़ जाता है। अहमदाबाद फैशन वीक सीजन 3 में कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां अभिनेत्री और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एकता जैन ने रैंप पर अपनी मौजूदगी से दर्शकों का ध्यान खींचा। साथ ही पालतू जानवरों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी किया।

इस खास मौके पर उन्होंने रेस्क्यू किए गए पालतू जानवरों के साथ रैंप वॉक कर लोगों को यह संदेश दिया कि जानवरों को खरीदने के बजाय उन्हें गोद लेना चाहिए।

दरअसल, अहमदाबाद फैशन वीक के दौरान 'टेल्स एंड थ्रेड्स पेट कूट्योर' शो का आयोजन किया गया, जिसे अर्चना जैन ने प्रस्तुत किया। इस शो की खास बात यह रही कि इसमें रेस्क्यू किए गए पालतू जानवरों और पेट इन्फ्लुएंसर्स ने मॉडल्स और मेहमानों के साथ रैंप साझा किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पशु कल्याण, पालतू जानवरों को अपनाने और उनकी जिम्मेदारी से देखभाल करने के प्रति लोगों को जागरूक बनाना था।

इस इवेंट ने दर्शकों को काफी प्रभावित किया और यह शो पूरे फैशन वीक के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में शामिल हो गया। 'शाका लाका बूम बूम', 'फैमिली नंबर 1' और 'शगुन' जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों के साथ-साथ 'ताल', 'नायक', 'खल्ली बल्ली' और 'त्राहिमाम' जैसी फिल्मों में अभिनय कर चुकीं एकता जैन ने इस अनुभव को अपने करियर के सबसे खास पलों में से एक बताया।

इस अवसर पर एकता जैन ने कहा, ''पालतू जानवरों के साथ रैंप पर चलकर मुझे बहुत अच्छा लगा। उनका स्नेह और मासूमियत इस अनुभव को और भी खास बना देती है। मैं सभी लोगों से कहना चाहूंगी कि पालतू जानवर खरीदने के बजाय उन्हें गोद लें। ऐसे बहुत से जानवर हैं, जो एक प्यार भरे घर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।''

एकता जैन ने इस पहल के लिए अर्चना जैन का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा, ''मैं अर्चना जैन की शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे इस खूबसूरत और सार्थक पहल का हिस्सा बनने का अवसर दिया। जब फैशन समाज को सकारात्मक संदेश देने का माध्यम बनता है, तब उसका महत्व और बढ़ जाता है।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम