☰
×

अहंकारी कभी सफल नहीं होते, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर सपा नेता का पलटवार

 

कौशांबी, 2 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी नेता मान सिंह यादव ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर दिए बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अहंकार सफलता की ओर नहीं ले जाता है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने इंडिया ब्लॉक की एक नवंबर को रामलीला मैदान में हुई रैली को फ्लॉप बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में दस लाख की भीड़ का लक्ष्य रखा, लेकिन जुटे सिर्फ दस हजार लोग, पूरा आयोजन फ्लॉप हो गया। जनता ने प्रधानमंत्री मोदी सरकार के तख्तापलट मंसूबे को नकार दिया है। राहुल गांधी नकली प्रधानमंत्री और अखिलेश यादव नकली मुख्यमंत्री बन सकते हैं, लेकिन असली नहीं, दोनों को असली पद पाने में 30 साल लगेंगे। विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनने तक कांग्रेस-सपा सत्ता में आएंगी नहीं और भाजपा सत्ता से जाएगी नहीं। भाजपा ही भारत और उत्तर प्रदेश का वर्तमान और भविष्य है।

कौशांबी में आईएएनएस से बातचीत में सपा नेता ने कहा कि यह भाजपा के नेताओं का अहंकार बोल रहा है। इतिहास गवाह है कि घमंड कभी सफल नहीं हुआ है। जिस तरीके का उनका बयान है, ऐसा लगता है कि संविधान को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। जनमानस ने तय कर लिया है भाजपा को देश और प्रदेश से हटाना है। एमएलसी चुनाव को सेमीफाइनल बताने वाले इस चुनाव में भी हारे।

उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के अंगद के पैर वाले बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कह चुके हैं कि भाजपा के लिए यूपी में जमीन नहीं है।

सीएम योगी आदित्यनाथ के समाजवादी पार्टी को श्राप बताए जाने पर सपा नेता ने कहा कि उनके बयान पर क्या टिप्पणी कर सकते हैं, यह कहीं न कहीं अहंकार दिखाता है। उन्हें समाजवादियों के वरिष्ठ नेताओं का इतिहास देखना चाहिए।

नागपुर में हुए एमएलसी चुनाव के परिणाम को लेकर सपा नेता ने कहा कि जनता इनके झूठ को जान चुकी है।

--आईएएनएस

डीकेएम/वीसी