☰
×

अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने के फैसले का भाजपा नेताओं ने किया स्वागत, बताया दीपावली का तोहफा

 

नई दिल्ली, 5 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की ओर से अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने के फैसले का भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है। छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले को युवाओं के हित में ऐतिहासिक कदम बताया है। नेताओं का कहना है कि इस निर्णय से अग्निवीरों को अपने अनुभव का बेहतर इस्तेमाल करने का अवसर मिलेगा और उनके भविष्य को सुरक्षित करने में भी मदद मिलेगी।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा देश के युवाओं के कल्याण के बारे में सोचते हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की शुरुआती सेवा अवधि चार साल निर्धारित की गई थी, जिसे अब दो साल और बढ़ाने का विकल्प दिया गया है। इसके साथ ही अग्निवीरों के भविष्य और उनके लिए उपलब्ध होने वाले अतिरिक्त अवसरों एवं लाभों पर भी चर्चा की जा रही है।

वहीं, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने इस फैसले को अग्निवीरों के लिए दीपावली का तोहफा बताया। उन्होंने कहा कि सेवा अवधि में दो साल का विस्तार एक बड़ा निर्णय है। इससे देश को अग्निवीरों के अनुभव का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अग्निवीरों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी केंद्र सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक बड़ा फैसला लिया है। अग्निवीर लंबे समय से सेवा अवधि बढ़ाने की मांग कर रहे थे। ऐसे में सरकार का यह निर्णय स्वागत योग्य है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

दिल्ली में भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि विपक्ष लगातार अग्निवीर योजना को लेकर सवाल उठाता रहा है और इस पर तंज कसता रहा है। उन्होंने अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है। मोदी सरकार आगे भी अग्निवीरों को प्रोत्साहित करने और उनका समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिमाचल प्रदेश के जोगिंदर नगर में भाजपा प्रवक्ता पंकज जम्वाल ने इस फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अग्निवीरों की सेवा अवधि दो साल बढ़ाने का निर्णय लिया है, जिसके बाद वे कुल छह साल तक सेवा दे सकेंगे।उन्होंने कहा कि निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अग्निवीरों को नियमित सैनिक बनने का अवसर मिलेगा। इस फैसले से हिमाचल प्रदेश के युवाओं को विशेष लाभ होगा, क्योंकि राज्य के कई परिवारों के सदस्य सशस्त्र बलों में सेवाएं दे रहे हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना ने भी केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शुरुआत में अग्निवीरों की भर्ती चार साल के कार्यकाल के लिए की गई थी, जिसे अब दो साल और बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि 25 प्रतिशत अग्निवीरों को नियमित सशस्त्र बलों में शामिल किया जाएगा, जबकि शेष 75 प्रतिशत को दो साल का सेवा विस्तार दिया गया है। सुरेश खन्ना ने इस फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्र सरकार को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम