'धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक नहीं रुकेगा आंदोलन', वीडियो में जाने नीट विवाद पर अभिजीत दीपके का ऐलान, देशभर में प्रदर्शन की चेतावनी
नीट परीक्षा पेपर लीक और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर आंदोलन कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज करने का ऐलान किया है। उन्होंने साफ कहा है कि उनका आंदोलन तब तक नहीं रुकेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते। अभिजीत दीपके ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि शनिवार को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन बेहद सफल रहा और इसने सरकार को जनता के गुस्से का एहसास करा दिया है।
'7 हजार लोगों ने लिया हिस्सा'
दीपके ने दावा किया कि जंतर-मंतर पर आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन में करीब 7,000 लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों, युवाओं और अभिभावकों ने आंदोलन का समर्थन किया। उनके अनुसार, यह प्रदर्शन सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में इसे राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।उन्होंने कहा, "शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन ने सरकार को सिर्फ एक ट्रेलर दिखाया है। बात अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।"
देशभर में आंदोलन चलाने की तैयारी
अभिजीत दीपके ने कहा कि अब आंदोलन को दिल्ली तक सीमित नहीं रखा जाएगा। आने वाले समय में देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में भी प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद किया जाएगा।नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अन्य भर्ती व प्रवेश परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को लेकर पिछले कुछ समय से छात्रों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर कई छात्र संगठन और सामाजिक समूह भी लगातार आवाज उठा रहे हैं।
इंस्टाग्राम लाइव पर करेंगे संबोधित
जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद घर पहुंचने पर अभिजीत दीपके ने अपने एक्स अकाउंट पर एक और पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने बताया कि वह रविवार को अपने फॉलोअर्स और समर्थकों को इंस्टाग्राम लाइव के जरिए संबोधित करेंगे। हालांकि, उन्होंने लाइव सत्र का समय नहीं बताया है।माना जा रहा है कि इस लाइव संबोधन के दौरान वह आंदोलन की आगामी रणनीति, देशव्यापी अभियान और छात्रों से जुड़ी मांगों पर विस्तार से चर्चा कर सकते हैं।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
दीपके ने एक बार फिर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उनका आरोप है कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों की नैतिक जिम्मेदारी शिक्षा मंत्रालय को लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक जवाबदेही तय नहीं होती, तब तक छात्रों का भरोसा बहाल नहीं हो सकता। फिलहाल, सरकार की ओर से दीपके के इस बयान और नई चेतावनी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, आंदोलन के विस्तार की घोषणा के बाद आने वाले दिनों में यह मुद्दा राजनीतिक और शैक्षणिक गलियारों में और अधिक चर्चा का विषय बन सकता है।