×

अगर दिल हिंदुस्तानी है तो शाहरुख खान को इसे दिखाने का समय आ गया है: आनंद दुबे

 

मुंबई, 2 जनवरी (आईएएनएस)। शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने फिल्म स्टार शाहरुख खान पर तंज कसते हुए कहा कि वे अपनी फिल्मों के माध्यम से देशभक्ति का पाठ पढ़ाते हैं। अगर दिल सच में हिन्दुस्तानी है, तो किंग खान को दिखाने का समय आ गया है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे का यह बयान उस वक्त आया है जब बांग्लादेश की वर्तमान स्थिति के बीच बांग्लादेशी क्रिकेटर को शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर ने खरीदा है।

मुंबई में शिवसेना (यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा कि हमारे देश में बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, उन्हें मौका देना चाहिए। लेकिन, बांग्लादेशी क्रिकेटर को तुरंत बाहर करने का फरमान जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आईपीएल का मैच होता है तो हम भारतीय मनोरंजन के तौर पर उसे लेते हैं। खेल खेल होता है, लेकिन अगर खेल में कोई दुश्मन खेलने आ जाए-जैसे पाकिस्तान या बांग्लादेश का कोई खिलाड़ी-तो वह सिर्फ खेल नहीं रह जाता। तब वह पाप बन जाता है। हम नहीं चाहते कि हमारे देश की धरती पर कोई पापी भी खेलने के लिए आए। बांग्लादेश में हिंदुओं को मारा जा रहा है, पाकिस्तान में भी ऐसा किया जा रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने पर पूर्व में मैंने टीवी तोड़कर प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि शाहरुख खान की फिल्में हम देखते हैं, जो किंग खान के नाम से जाने जाते हैं। देश की भावनाओं को उन्हें समझना चाहिए। उस बांग्लादेशी खिलाड़ी को बाहर करना चाहिए। देश के खिलाड़ी को मौका देना चाहिए। बांग्लादेश के खिलाड़ी को टीम से बाहर कर देना चाहिए।

ईवीएम को लेकर कर्नाटक में आए एक सर्वे पर कहा कि ईवीएम पर चर्चा बहुत पुरानी है। अब हम चुनाव के मौसम में हैं और ईवीएम सही हैं या गलत, इस पर पहले ही काफी बहस हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी, कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस, वायनाड से खुद राहुल गांधी और बाद में प्रियंका गांधी वाड्रा लोकसभा का चुनाव जीतती हैं। हमें नहीं लगता कि ईवीएम पर बोलने की जरूरत है। हमारा ध्यान महाराष्ट्र की रक्षा करने पर है। बाकी चुनावों से ज्यादा महत्व रखता है। बीएमसी के चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेंगे और चुनाव जीतेंगे।

महापौर को लेकर उन्होंने कहा कि मुंबई का मेयर एक हिंदू, एक मराठी होगा और वह शिवसेना-एमएनएस से होगा।

उन्होंने कहा कि हम राजनीति में सत्ता के लिए नहीं आए हैं। हम जनता की सेवा करना चाहते हैं। बीएमसी चुनाव को लेकर हम लोग एकजुट हैं। 4 जनवरी को हमारा गठबंधन संदेश देगा कि हमने क्या किया और आगे क्या कार्य करेंगे। मुंबई की जनता पर भरोसा है कि हमें वोट जरूर करेगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीएससी