×

संसद रत्न सम्मान के बाद Jagdambika Pal का बड़ा दावा, विपक्ष पर भी साधा निशाना
 

 

डुमरियागंज से BJP सांसद जगदंबिका पाल को प्रतिष्ठित संसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. सम्मान मिलने के बाद उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय बस्ती, सिद्धार्थनगर और पूरे पूर्वांचल की जनता के साथ पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दिया. प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि उन लोगों के विश्वास का सम्मान है, जिन्होंने उन्हें संसद में अपनी आवाज बनने का अवसर दिया.
जगदंबिका पाल ने बताया कि 2026 के संसदीय सत्रों में उनकी सदन में शत-प्रतिशत उपस्थिति रही. उन्होंने शून्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे उठाए और प्राइवेट मेंबर बिल भी पेश किए. इसके अलावा राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न विषयों पर हुई बहस में उन्होंने सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी दर्ज कराई.
सांसद ने इस सम्मान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी आभार जताया.


चुनाव से पहले विपक्ष पर जमकर हमला
प्रेस वार्ता के दौरान जगदंबिका पाल ने विपक्षी दलों पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने दावा किया कि चुनाव में अब करीब तीन महीने का समय रह गया है, लेकिन विपक्ष के प्रमुख नेता जमीन पर सक्रिय दिखाई नहीं दे रहे हैं.
उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में दिखाई नहीं दे रहे, जबकि अखिलेश यादव सोशल मीडिया तक सीमित होकर रह गए हैं. सांसद ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल आपसी प्रतिस्पर्धा में उलझे हुए हैं और कांग्रेस, समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी परिवारवाद की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रही हैं.


पूर्वांचल में विकास कार्यों का किया जिक्र
सांसद ने पूर्वांचल में चल रही विकास परियोजनाओं को लेकर भी अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं. उन्होंने कहा कि बस्ती और सिद्धार्थनगर में करीब 400 से 500 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने खलीलाबाद-ढेलियागंज-बांसी नई रेल लाइन को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया. इसके अलावा गोरखपुर-शामली आठ लेन एक्सप्रेसवे समेत कई एक्सप्रेसवे और सड़क परियोजनाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया.
जगदंबिका पाल के मुताबिक, पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों में मेडिकल कॉलेजों की स्थापना और अयोध्या तथा गोरखपुर में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है. उन्होंने केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली कनेक्शन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं को भी गरीब परिवारों तक पहुंचने वाला बड़ा कदम बताया.


महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष पर निशाना
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी BJP सांसद ने विपक्ष को घेरा. उन्होंने कहा कि संसद में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला कानून देश की आधी आबादी के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है.
उन्होंने आरोप लगाया कि जो राजनीतिक दल महिला आरक्षण का विरोध करते हैं, वे महिलाओं को अधिकार और प्रतिनिधित्व देने की प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. सांसद ने कहा कि विपक्ष के पास न तो स्पष्ट नीति है और न ही मजबूत नीयत, इसलिए वह केवल सरकार की आलोचना तक सीमित रह गया है.
जगदंबिका पाल ने दावा किया कि जनता केंद्र और राज्यों में BJP की डबल इंजन सरकार के कामकाज से संतुष्ट है और आगामी चुनाव में एक बार फिर उसे समर्थन देने का मन बना चुकी है.