जून के बाद अब 30 सितंबर को जुटेगा I.N.D.I.A. गठबंधन: दिल्ली बैठक में वोटर लिस्ट-SIR और चुनाव आयोग पर मंथन संभव
देश की राजनीति से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। I.N.D.I.A. ब्लॉक की पार्टियां 30 सितंबर को दिल्ली में बैठक कर सकती हैं। न्यूज एजेंसी PTI के सूत्रों के मुताबिक, इस संभावित बैठक में चुनाव आयोग के कामकाज और स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। हालांकि, अभी तक इस बैठक की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
दरअसल, विपक्षी दलों की पिछली बड़ी बैठक 8 जून 2026 को नई दिल्ली में हुई थी। इस बैठक में विपक्षी दलों के कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे और चुनावी प्रक्रिया, SIR समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई थी।जून की बैठक को लेकर यह भी तय किया गया था कि I.N.D.I.A. ब्लॉक की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएंगी। उस समय अगली बैठक अगस्त में हैदराबाद में कराने की बात सामने आई थी, लेकिन अगस्त में बैठक नहीं हो सकी। सितंबर की शुरुआत में भी अगली बैठक की तारीख और जगह को लेकर स्पष्टता नहीं थी।
अब 30 सितंबर को दिल्ली में संभावित बैठक की खबर सामने आने के बाद एक बार फिर विपक्षी गठबंधन की सक्रियता चर्चा में है। अगर बैठक होती है तो चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे और SIR प्रमुख विषयों में शामिल हो सकते हैं।
गौर करने वाली बात यह है कि I.N.D.I.A. ब्लॉक की नींव के बाद वर्ष 2023 में भी विपक्षी दलों की कई अहम बैठकें हुई थीं। पटना, बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली में हुई बैठकों में गठबंधन की आगे की रणनीति और विपक्षी एकजुटता को लेकर चर्चा हुई थी।
इसके बाद 19 दिसंबर 2023 को दिल्ली में भी विपक्षी दलों की बैठक हुई थी, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर रणनीति और सीटों के तालमेल जैसे मुद्दों पर बातचीत हुई थी।
वहीं, 31 मार्च 2024 को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में I.N.D.I.A. ब्लॉक के कई प्रमुख नेता एक मंच पर नजर आए थे।अब सबकी नजरें 30 सितंबर पर टिकी हैं। अगर दिल्ली में यह बैठक होती है, तो इसमें विपक्षी दल SIR, चुनाव आयोग और आगे की राजनीतिक रणनीति से जुड़े मुद्दों पर अपना रुख सामने रख सकते हैं। फिलहाल बैठक को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।