एक्टर को मटन की जगह गोमांस खिलाने का आरोप, रेस्तरां में जमकर हुआ हंगामा, देखें Video
पश्चिम बंगाल के एक्टर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सायक चक्रवर्ती को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सायक चक्रवर्ती ने कोलकाता के एक मशहूर रेस्टोरेंट पर मटन की जगह बीफ परोसने का आरोप लगाया है। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सायक चक्रवर्ती एक होटल में वेटर से बहस करते दिख रहे हैं। इस वीडियो से विवाद हो गया है। सायक चक्रवर्ती ने इस घटना को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
सायक चक्रवर्ती का दावा है कि उन्हें मटन की जगह बीफ परोसा गया, जिसकी वजह से उन्हें रेस्टोरेंट में ऐसा बर्ताव करने के लिए मजबूर होना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जब वेटर ने जल्दबाजी में एक्टर और उनकी गर्लफ्रेंड को मटन परोसा, तो एक्टर ने वेटर से पूछा कि उन्हें पहले बीफ क्यों परोसा गया, जिसे उन्होंने "गलती से मटन समझकर खा लिया।"
एक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वायरल वीडियो कोलकाता के पार्क स्ट्रीट पर मौजूद एक रेस्टोरेंट का है। वीडियो में रेस्टोरेंट के वेटर और मैनेजर एक्टर सायक चक्रवर्ती से माफी मांगते दिख रहे हैं। सायक चक्रवर्ती ने कहा कि वह ब्राह्मण हैं और इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। सायक चक्रवर्ती ने लीगल एक्शन की धमकी दी और बाद में पार्क स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में वेटर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वेटर की पहचान नहीं बताई है।
मैंने रियाज़ के घर पर ईद मनाई - सायक चक्रवर्ती
जब सायक चक्रवर्ती का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आया, तो कई लोगों ने उनका सपोर्ट किया, जबकि कुछ ने उनकी आलोचना करते हुए उन्हें BJP का एजेंट बताया। कई लोगों ने सायक चक्रवर्ती पर सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने की कोशिश करने का आरोप लगाया। विवाद के बाद, सायक चक्रवर्ती ने शुरू में वीडियो डिलीट कर दिया और आरोपों से इनकार किया। सायक ने कहा, "मेरा इरादा हिंदू-मुस्लिम दंगे भड़काना नहीं था। मेरे मुस्लिम दोस्त हैं, मैंने अपने दोस्त रियाज़ के घर पर ईद मनाई है, और मैं जो कंटेंट पोस्ट करता हूं वह हमेशा सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा देता है।"