☰
×

अक्साह परमार: तीसरी क्लास में स्टेट लेवल पर खेली हॉकी, अब इंग्लैंड के खिलाफ भारत के लिए खेलेंगी अंडर-19 क्रिकेट

 

सूरत, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और इंग्लैंड की महिला अंडर-19 टीमों के बीच 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक पांच अनौपचारिक टी20 मुकाबलों की सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए ऑलराउंडर अक्साह परमार को भारतीय टीम में जगह मिली है। बेटी के भारतीय टीम में चयन से उनके माता-पिता बेहद खुश हैं। उन्होंने अक्साह के हॉकी से क्रिकेट तक के सफर और इस मुकाम तक पहुंचने के लिए की गई मेहनत को याद किया।

वडोदरा में सीरीज के पहले मुकाबले से पहले अक्साह के माता-पिता डॉ. झनखना परमार और सोरेंस परमार ने अपनी खुशी जाहिर की। मां झनखना ने कहा कि बेटी का भारत के लिए खेलना पूरे परिवार के साथ-साथ सूरत, गुजरात और सूरत डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) के लिए भी गर्व की बात है।

उन्होंने बताया कि अक्साह ने अपने खेल करियर की शुरुआत हॉकी से की थी। वह सीनियर केजी से हॉकी खेल रही थीं और तीसरी कक्षा में राज्य स्तर पर भी पहुंच गई थीं। हालांकि, पिता के साथ क्रिकेट मैच देखने जाने के दौरान उनकी इस खेल में दिलचस्पी बढ़ी। उस समय मिताली राज समेत कई महिला क्रिकेटरों की चर्चा होती थी। अक्साह ने अपने पिता से पूछा कि क्या लड़कियां भी क्रिकेट खेल सकती हैं?

उन्होंने पिता से 'हां' में जवाब मिलने के बाद क्रिकेट खेलने का फैसला किया और भारत के लिए खेलने का सपना देखना शुरू कर दिया।

अक्साह को इस मुकाम तक पहुंचाने में परिवार को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उनकी मां ने बताया कि क्रिकेट केवल मैदान तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इसमें पूरी फैमिली की भागीदारी होती है। बेटी की प्रैक्टिस, पढ़ाई, खानपान और मानसिक मजबूती का ध्यान रखना बड़ी जिम्मेदारी थी। हालांकि, परिवार ने मुश्किलों का सामना करते हुए हर परिस्थिति को संभाला और बेटी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

वहीं, पिता सोरेंस परमार ने कहा कि आज तक उन्होंने दूसरी लड़कियों को खेलते हुए देखा था, लेकिन अब अपनी बेटी को भारत के लिए खेलते देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव होगा। उन्होंने बताया कि अक्साह राइट आर्म लेग स्पिन गेंदबाज होने के साथ मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी भी करती हैं और एक ऑलराउंडर की भूमिका निभाती हैं।

पिता ने बेटी की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि परिवार ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन अक्साह ने उनसे भी ज्यादा मेहनत की है। उन्होंने हर पड़ाव पर संघर्ष करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

अक्साह के माता-पिता को उम्मीद है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन करेंगी। मां झनखना और पिता सोरेंस, दोनों ने इच्छा जताई कि उनकी बेटी अपने खेल से सूरत, गुजरात और देश का नाम रोशन करे। साथ ही उन्होंने भारतीय टीम की सीरीज में जीत की कामना भी की।

--आईएएनएस

आरएसजी/एबीएम