×

एबीवीपी की मांग सही, जिन्ना से संबंधित लेख को हटाना चाहिए : हुसैन दलवई

 

मुंबई, 20 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हुसैन दलवई ने एबीवीपी की मांग का समर्थन किया है। दलवई ने कहा कि अगर जिन्ना से संबंधित लेख सिलेबस में दिया गया है तो उसे हटाना चाहिए। एबीवीपी की मांग जायज है।

दरअसल, जम्मू यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल साइंस विभाग द्वारा जारी किए गए नए सिलेबस में मोहम्मद अली जिन्ना को शामिल किए जाने के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने यूनिवर्सिटी परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में हुसैन दलवई ने कहा कि जिन्ना ने इस देश के दो टुकड़े किए हैं। अगर उनकी तारीफ करने वाला कोई भी लेख है, तो उसे हटा दिया जाना चाहिए। मुझे नहीं लगता है कि एबीवीपी की मांग कहीं से भी गलत है।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बयान पर हुसैन दलवई ने कहा कि दरकिनार कांग्रेस नहीं कर रही है बल्कि वो खुद हो रहे हैं। उनको वहां जाने की बड़ी इल्तिजा है और वह पीएम मोदी के खास सहयोगी होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि शशि थरूर आजकल भाजपा में जाने का रास्ता क्लियर कर रहे हैं और भाजपा की तरफ जाने का रास्ता खोज रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने सही स्टैंड लिया है कि उन पर ध्यान नहीं देना है।

भाजपा सांसद द्वारा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर दिए बयान पर हुसैन दलवई ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब कंगना रनौत सिनेमा में काम करती हैं तो उन्हें डर नहीं लगता। राहुल गांधी को लेकर कंगना रनौत को इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए। राहुल कभी भी महिलाओं के सम्मान को ठेंस नहीं पहुंचा सकते हैं लेकिन शायद यह बात कंगना रनौत को समझ नहीं आएगी।

विधायक टी राजा के बयान पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि मैं सीएम फडणवीस से अपील करता हूं कि उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ऐसे लोग हिंदू-मुस्लिम के बीच दरार पैदा करते हैं और उन्हें आप आने ही क्यों देते हैं। महाराष्ट्र सुकून से रहने वालों का राज्य है। अगर आप जानबूझकर ऐसा करना चाहते हैं, तो उन्हें यहां क्यों आने देते हैं। पुलिस ने अब तक विधायक के बयान पर क्या कार्रवाई की है, यह सार्वजनिक किए जाने की आवश्यकता है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम